ग्वालियर। दिनांक 09.10.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 08.10.2026 को थाना हजीरा पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लिए श्री पटरी वाले बालाजी आरामील रोड़ हजीरा पर बैठा हुआ है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल द्वारा थाना प्रभारी हजीरा को पुलिस की टीम बनाकर उक्त सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुक्रम में सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर के द्वारा पुलिस की टीम को उक्त सूचना की तस्दीक हेतु मुखबिर के बताये स्थान श्री पटरी वाले बालाजी आरामील रोड़ हजीरा के पास भेजा गया, जहां पर मुखबिर के बताये हुलिया का एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा मिला, उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम सचिन रजक पुत्र श्री लोकेन्द्र रजक उम्र 19 साल निवासी ग्राम इकहारा थाना बिजौली जिला ग्वालियर का बताया।
संदिग्ध सचिन रजक के पास मिले पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें सफेद रंग की पोलीथीन के अन्दर अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा मिला। मौके पर बरामद मादक पदार्थ गांजा की तौला कराने पर कुल 02 किलो 996 ग्राम होना पाया गया। संदिग्ध के पास से गांजा एवं एक मोबाइल तथा नगदी 230 रूपये को जप्त किया गया। आरोपी सचिन रजक का उक्त कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय होने से थाना हजीरा में अप0क्र0 315/26 धारा 20/8 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त मशरूका:- जप्त गांजा कुल 02 किलो 996 ग्राम कीमती लगभग 01 लाख 50 हजार रूपये।





