🔴 जिलेभर के स्कूलों, कॉलेजों एवं धार्मिक स्थलों पर आयोजित हुए साइबर जागरूकता कार्यक्रम।
🔴 प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया एवं बैंकिंग फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी।
🔴 स्कूल एवं कॉलेजों तथा शैक्षणिक संस्थानों में हजारों छात्र-छात्राओं को किया जागरूक।
ग्वालियर। 03.07.2026 । साइबर अपराधों के लगातार बदलते स्वरूप और बढ़ते खतरे को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ के अंतर्गत ग्वालियर पुलिस जिलेभर में लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) के मार्गदर्शन में आज दिनांक 03.06.2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, महाविद्यालयों एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई।
पिछोर में प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को समझाए साइबर अपराध के नए तरीके- थाना पिछोर द्वारा श्रीराम गार्डन में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में एसडीओपी डबरा श्री सौरव कुमार एवं थाना प्रभारी पिछोर उनि0 शिवम राजावत ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को आधुनिक साइबर अपराधों के तरीकों से अवगत कराया। प्रोजेक्टर के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया स्कैम, फर्जी एपीके फाइल, इंस्टाग्राम एवं फेसबुक लिंक, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड तथा फ्री फायर एवं पबजी जैसे गेमों में फ्री डायमंड के लालच के माध्यम से होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, एटीएम पिन, बैंकिंग पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध एप डाउनलोड न करें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। बच्चों से यह भी कहा गया कि वे स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने माता-पिता, परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
के.आर.जी. कॉलेज में विद्यार्थियों को दिया साइबर सुरक्षा का संदेश- थाना कंपू पुलिस द्वारा के.आर.जी. कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी कंपू निरी0 अमर सिंह सिकरवार ने लगभग 300 छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। कॉलेज की प्राचार्य एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा ओटीपी साझा करने के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही साइबर सुरक्षा संबंधी पेम्पलेट वितरित कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई।
*मोहना में धार्मिक स्थल पर चला जन-जागरूकता अभियान-* थाना मोहना पुलिस द्वारा उमर फारूकी मस्जिद में आयोजित जन जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सरनाम सिंह ने उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, केबाईसी अपडेट, लॉटरी, निवेश अथवा बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी से सतर्क रहें। नागरिकों से अपील की गई कि साइबर अपराध होने पर बिना देरी किए पुलिस एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
विजयाराजे गर्ल्स कॉलेज में दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ- थाना मुरार पुलिस द्वारा विजयाराजे गर्ल्स कॉलेज, मुरार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें उपनिरीक्षक जयकिशोर राजौरिया ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्रों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
हजीरा पुलिस ने स्कूली विद्यार्थियों को दी साइबर सुरक्षा की जानकारी- थाना हजीरा पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालक विद्यालय, शिक्षा नगर में आयोजित कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुमन धाकड़ एवं थाना स्टाफ ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग अथवा फर्जी लिंक के माध्यम से होने वाले अपराध की स्थिति में तत्काल ’’1930 साइबर हेल्पलाइन’’ अथवा ’’राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जिलेभर में जारी है ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ जागरूकता अभियान- इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें धार्मिक स्थलों, आमजन, विद्यार्थियों, व्यापारियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों, उनसे बचाव के उपाय तथा डिजिटल सुरक्षा के महत्व की जानकारी देकर जागरूक किया गया। ग्वालियर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता फैलाकर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं
keyboard_arrow_up
Skip to content