ग्वालियर। दिनांक 22.11.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा जिले में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा इनमें संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु समस्त थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल एवं सीएसपी विश्वविद्यालय श्री शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झांसी रोड निरीक्षक सुरभि शर्मा द्वारा थाना बल की टीम को थाना झांसीरोड के अपराध क्रमांक 387/26, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस में वांछित आरोपी की तलाश कर गिरफ्तार करने हेतु लगाया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादी मनोज गुप्ता निवासी गुलमोहर अपार्टमेंट, ग्रीन गार्डन, पटेल नगर, सिटी सेंटर ग्वालियर ने थाना झांसी रोड में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रेल स्प्रिंग कारखाने के सामने सिथौली में उनकी खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं की दुकान है। दिनांक 21.11.2026 को शाम के समय 35 बोरी डीएपी खाद विक्रय से प्राप्त 47,600 रुपये की नगदी गिनकर दुकान के गल्ले में रखी थी। इसी दौरान फरियादी दुकान के पीछे बाथरूम करने गए। वापस लौटने पर उन्होंने अपने पुराने ड्राइवर बलराज परिहार को दुकान से जाते देखा। आवाज देकर रोकने का प्रयास करने पर वह भाग गया। गल्ले में चेक करने पर 47,000 रुपये की गड्डी गायब मिली। दुकान पर मौजूद कर्मचारी अंकित कुशवाह ने बताया कि बलराज परिहार गल्ले से रुपये निकालकर अपनी जेब में रखकर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना झांसीरोड में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 387/26, धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना झांसीरोड पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में संदिग्ध आरोपी बलराज परिहार की तलाश कर उसे पकड़कर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी द्वारा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन गहन पूछताछ में उसने फरियादी की दुकान के गल्ले से 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की गई नगदी को उसने एक सफेद पन्नी में रखकर पारस विहार कॉलोनी में अपने घर के बाहर लगे बिजली के खंभे के नीचे छिपा दिया था।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर उक्त स्थान से सफेद रंग की पन्नी बरामद कर उसमें रखे 500-500 रुपये के कुल 94 नोट, कुल राशि 47,000 रुपये जप्त किए गए। थाना झांसी रोड पुलिस द्वारा आरोपी को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही एवं विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

आरोपी:- बलराज परिहार पुत्र रंजीत सिंह परिहार उम्र 25 साल निवासी वार्ड क्रमांक 38 नवगृह कॉलोनी गोल पहाड़िया ग्वालियर हाल निवासी पारस विहार कॉलोनी झॉसीरोड ग्वालियर

जप्त मशरूका:- आरोपी से जप्तशुदा 500-500 रुपये के 94 नोट कुल 47000/- रुपये।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content