ग्वालियर दिनांक 22.05.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादी अमरेश निवासी ग्राम सहोना ने सिविल अस्पताल डबरा में घायल अवस्था में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 17.05.2026 को वह अपने ताऊ के लड़के श्रीनिवास शर्मा के साथ अपने मकान के बाहर बैठा था। तभी गांव के अरुण जाट, अनिकेत जाट अपने दोस्त दिलीप जाट व मनजीत पुरी के साथ आये। अरुण व अनिकेत अपने-अपने हाथ में 12 बोर की एक-एक बन्दूक लिये थे। गांव मे हनुमान मंदिर डीपी के पास कृषि भूमि को जोतने को लेकर अरुण व अनिकेत जाट से हमारा विवाद चल रहा था। उसी विवाद को लेकर वह लोग मुझे गाली देकर बोले की तुमने जो जमीन जोती है वो हम जोतेंगे और तुम्हे जान से खत्म कर देंगे तभी अरुण ने अपने हाथ में लिये 12 बोर की बन्दूक से जान से मारने की नियत से मेरे ताऊ के लड़के श्रीनिवास पर फायर किया जिसका छर्रा उसके हाथ की कलाई में लगा और अनिकेत ने बन्दूक से मेरी तरफ फायर किया जिसके छर्रे मेरे हाथ व पैर में लगे। फिर अरुण व अनिकेत ने अपनी बन्दूक से दो-दो हवाई फायर किये फिर वे सभी वहा से भाग गये। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना पिछोर में अप.क्र. 89/26 धारा 109(1),296(बी),351(2),3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना लिया गया।

उक्त घटना संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर को थाना पिछोर पुलिस टीम से उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिछोर उनि0 शिवम राजावत के नेतृत्व में टीम को फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम को आज दिनांक 22.05.2025 को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में वांछित आरोपी अरुण जाट व मनजित उर्फ मनोज पुरी सिहंपुर रोड थाना गिजोर्रा के तरफ खड़े हैं। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो सिंहपुर रोड हनुमान मंदिर के पास दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे जिसमें से एक व्यक्ति के हाथ मंे बन्दूक थी, जिन्हे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम अरुण जाट पुत्र लोकेन्द्र जाट उम्र 22 साल निवासी ग्राम सहोना थाना पिछोर जिला ग्वालियर व दूसरे ने मनजित उर्फ मनोज पुरी पुत्र रघुनाथ पुरी उम्र 24 साल निवासी सदर का होना बताया।
पकड़े गये दोनों संदिग्धों से उक्त प्रकरण में संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार एवं घटना मे प्रयुक्त एक अवैध 12 बोर की बन्दूक को अपने साथ लिये होना बताया। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा आरोपी अरूण जाट के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध एक 12 बन्दूक व एक 12 बोर का जिन्दा राउण्ड व आरोपी मनजित उर्फ मनोज पुरी की निशादेही पर उसके घर से एक अवैध 12 बोर की बन्दूक (अधिया) को विधिवत जप्त किया जाकर दोनों आरोपियों को थाना पिछोर के अपराध सदर में गिरफ्तार किया गया। पिछोर पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से उनके अन्य साथियों व घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त मशरूकाः- घटना में प्रयुक्त 12 बोर की दो बन्दूक मय एक जिंदा कारतूस को किया जप्त।





