ग्वालियर। दिनांक 12.06.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती सुमन गुर्जर एवं अति0 पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज दिनांक 12.06.2026 को जिले के समस्त थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र में बिना नम्बर के ट्रैक्टर ट्रॉली एवं अवैध रेत-गिट्टी परिवहन करने वाले डंफरों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस की टीमों द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्यवाही की गई जिसमें आधा सैकड़ा से अधिक ट्रैक्टर ट्रॉली एवं डंफरों को पकड़कर चालानी कार्यवाही की गई तथा आवश्यक प्रकरणों में माइनिंग विभाग के माध्यम से नियमानुसार कार्यवाही कराई गई।


अभियान के तहत समस्त एसडीओपी, सीएसपी, थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस अधिकारियों को उन प्रमुख मार्गों एवं चेकिंग प्वाइंट्स पर तैनात किया गया, जहां से अवैध खनिज परिवहन किए जाने एवं ओवर लोडिंग वाहनों के निकलने की सूचना प्राप्त होती रही हैं।
ग्वालियर जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर बिना नम्बर के ट्रैक्टर ट्रॉली पर चालानी कार्यवाही की गई और अवैध रेत-गिट्टी परिवहन करने वाले कुछ ट्रैक्टर ट्रॉली व डंफरों पर माइनिंग विभाग के माध्यम से नियमानुसार कार्यवाही कराई गई। यातायात के तीनों थाना क्षेत्रों में भी यातायात पुलिस द्वारा ट्रैक्टर ट्रॉली व डंफरों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई है। आज जिले के थानों व यातायात पुलिस एवं माइनिंग विभाग द्वारा कुल 57 ट्रैक्टर ट्रॉली, डंफरों व ट्रक पर कार्यवाही की गई है। पुलिस द्वारा अभियान के दौरान अवैध रेत भंड़ारण पर भी कार्यवाही की गई है।
ग्वालियर पुलिस द्वारा वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि व्यवसायिक उपयोग में संचालित ट्रैक्टर एवं ट्रॉली दोनों पर स्पष्ट रूप से पंजीयन क्रमांक अंकित होना अनिवार्य है। बिना नंबर अथवा नियमों के विपरीत संचालित वाहनों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई की जाएगी।
’’ग्वालियर पुलिस आमजन से अपील करती है कि अवैध खनन एवं परिवहन संबंधी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि ऐसे अवैध कृत्यों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।’’





