ग्वालियर दिनांक 20.07.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर तथा एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना डबरा सिटी पुलिस द्वारा महिला की संदिग्ध मृत्यु के मामले में गंभीरता से जांच करते हुए हत्या का खुलासा किया गया है। जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतका के पति के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 16 जुलाई 2026 को थाना डबरा सिटी क्षेत्र स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे निवासरत गीता पत्नी धर्मेन्द्र उर्फ टिल्लू जाटव की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना डबरा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच उपरांत मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में मृतिका के पति धर्मेन्द्र उर्फ टिल्लू जाटव द्वारा बताया गया था कि मृतिका की तबीयत खराब होने एवं गोली खाने के कारण उसकी मृत्यु हुई है। किंतु पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करने पर मृतिका के सिर के नीचे रखे तकिये पर रक्त के धब्बे तथा नाक से रक्तस्राव के निशान पाए गए। इसके अतिरिक्त मृतिका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले।
उक्त प्रकरण में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा के नेतृत्व में डबरा सिटी पुलिस द्वारा उक्त मामले की गंभीरता से जांच की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका की मृत्यु दम घुटने से होना पाया गया। जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान लिए गए, जिनमें बताया गया कि आरोपी पति अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था तथा उसके साथ आए दिन मारपीट करता था। पूर्व में भी आरोपी द्वारा मृतिका को जान से मारने की धमकी दिए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि घटना के समय बंद कमरे में मृतिका, उसका पति एवं उसके बच्चे मौजूद थे। वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से प्राप्त तथ्यों, परिजनों के बयानों तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना डबरा पुलिस ने मृतिका के आरोपी पति धर्मेन्द्र उर्फ टिल्लू जाटव के विरुद्ध अप0क्र0 386/26 धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा अपनी पत्नी की तकिया से मुंह दबाकर हत्या करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:- धर्मेन्द्र उर्फ टिल्लू जाटव पुत्र सीताराम उम्र 30 साल निवासी ग्राम सिसगांव थाना गिजौर्रा हाल अर्जुन जाटव का किराये का मकान रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे डबरा जिला ग्वालियर





