ग्वालियर दिनांक 11.07.2026।
घटना के संक्षिप्त विवरण:- फरियादी सुखदेव रावत निवासी दीदार कालोनी डबरा ने थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 09.07.26 के रात्रि 02.00 बजे वह अपने घर पर परिवार सहित सो रहा था, घर के बाहर से गोली चलने की आवाज आई तो देखा कि चार अज्ञात व्यक्ति मेरे घर की तरफ फायरिंग कर रहे थे, जिसमें एक व्यक्ति कट्टा व एक व्यक्ति पिस्टल से फायरिंग कर रहे थे। जिसमें दो गोली घर में जीने के नीचे दीवार में व एक गोली गेट में लगी, जिससे गेट में छेद हो गया। इसके बाद ये लोग चले गये कुछ समय बाद मेरे ताऊ जगदीश रावत जो दीदार कॉलोनी में अगली गली में रहता है का फोन आया और बताया कि उक्त चारों लोगों द्वारा घर के बाहर आकर फायरिंग की है। यदि हम लोग दीवालों की आड़ में नही छिपते तो अवश्य ही हम में से किसी की भी जान जा सकती थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना डबरा सिटी में अपराध क्रमांक 364/2026, धारा 110, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) एवं अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर के निर्देश पर एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा के द्वारा पुलिस टीम को उक्त घटना के आरोपियों की पतारसी कर धरपकड़ हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा घटना स्थनल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये और संदिग्धों को चिन्हित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना दिनांक 10.07.26 को रात लगभग 11 बजे जरिये मुखविर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त अपराध के आरोपी बायपास हाइवे के पास देखे गये हैं। सूचना की तस्दीक एवं कार्यवाही हेतु मुखबिर के बताये स्थान पर पहुँचे, जहाँ मुखबिर द्वारा बताये हुलिया के 04 व्यक्ति खड़े दिखे जो पुलिस को देख कर भागने लग,े जिन्हें घेरकर पकड़ा व नाम पूछा तो उन्होंने अपने नाम 1. सुदामा रावत उर्फ सत्या रावत, 2. सचिन रावत उर्फ सुच्चा 3. हरजेन्द्र रावत उर्फ नाड़ू 4. पवन रावत उर्फ शूटर बताए।
पुलिस द्वारा पकड़े गये आरोपियों से उक्त घटना के संबंध में पूछताछ की गई तो उनके द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपी सुदामा रावत उर्फ सत्या की निशादेही पर पुलिस द्वारा इमली नाका गैंड़ोल रोड़ डबरा में झाड़ियों से एक 315 बोर का कट्टा व राउण्ड जप्त किया गया, उक्त प्रकरण में धारा-25/27 आर्म्स एक्ट इजाफा की गई। पकड़े गये आरोपियों में 03 का आपराधिक रिकार्ड होने से एवं सचिन उर्फ सुच्चा रावत द्वारा घटना की पुनरावृत्ति करने की आशंका को दृष्टिगत रखते हुये चारों आरोपीयान को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय पेश किया गया जहां से दिनांक 22.07.26 तक का जेआर पर उपजेल डबरा भेजा गया।
गिरफ्तारशुदा आरोपीगण:-
1. सुदामा रावत उर्फ सत्या पिता रामस्वरूप रावत आयु 20 साल निवासी ग्राम भदौना थाना गोराघाट जिला दतिया हाल- टंकी रोड़ आमखो ग्वालियर
2. सचिन रावत उर्फ सुच्चा पिता महेन्द्र आयु 21 साल नि0 हाल- दीदार कॉलोनी डबरा जिला ग्वालियर
3. हरजेन्द्र रावत उर्फ नाड़ू पिता मुलायम सिंह आयु 22 साल निवासी ग्राम नुन्हारी थाना डबरा देहात जिला ग्वालियर
4. पवन रावत उर्फ शूटर पिता शोभाराम आयु 20 साल निवासी ग्राम गोरा थाना गोराघाट जिला दतिया
जप्त मशरूका:- घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का कट्टा मय एक जिन्दा राउण्ड।





