ग्वालियर। दिनांक 10.08.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में रेंडम वाहन चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने हेतु निर्देशित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुक्रम में एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहना निरीक्षक विनय सिंह तोमर के द्वारा दिनांक 09.08.2026 को थाना बल की टीम को करई पाटई रोड डीआरडीओ गेट के पास संदिग्ध वाहन चालकों की धरपकड़ हेतु लगाया गया। दौराने चेकिंग करई पाटई तरफ से एक मोटर साईकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखे, जिन्हे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर रोक लिया गया। दोनों संदिग्धों से नाम व पता पूछने पर मोटरसाईकिल चालक ने अपना नाम नरोत्तम जाटव पुत्र मांगीलाल जाटव उम्र 24 साल निवासी ग्राम सहसराम थाना गसवानी जिला श्योपुर एवं पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मोनू परिहार पुत्र परमानन्द परिहार उम्र 35 साल निवासी ग्राम कुँवरपुर थाना सिरसौद जिला शिवपुरी का होना बताया।
पुलिस टीम को मोटर साईकिल पर पीछे बैठे मोनू परिहार के पास से एक थेला मिला जिसकी तलाशी लेने पर उसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा हुआ मिला, जिसके संबंध में पूछताछ करने पर मोनू परिहार ने उक्त गांजा विक्रय करने हेतु ले जाना बताया। उक्त गांजे का इलेक्ट्रोनिक कांटे पर तौल कराने पर उसक बजन 02 किलो 20 ग्राम कीमती लगभग 30,000/-रूपये का होना पाया गया। पकड़े गये दोनों आरोपियों का यह कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाया जाने से उनके कब्जे से 02 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा व घटना मे प्रयुक्त काले लाल रंग की बिना नम्बर की बजाज पल्सर मोटरसाईकिल विधिवत जप्त की गई। पकड़े गये दोनों तस्करों के विरूद्ध थाना मोहना में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर दोनों तस्करों से अवैध गांजा के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:-
1. नरोत्तम पुत्र मांगीलाल जाटव उम्र 24 साल नि0 ग्राम सहसराम थाना गसवानी जिला श्योपुर।
2. मोनू पुत्र परमानन्द परिहार उम्र 35 साल नि0 ग्राम कुँवरपुर थाना सिरसौद जिला शिवपुरी।
जप्त मशरूका:- 02 किलो, 20 ग्राम अवैध गांजा कीमती 30,000/- रूपये एवं एक पल्सर मोटरसाईकिल कीमती करीबन 01 लाख रुपये कुल जप्त मशरूका कीमती करीबन 01 लाख 30 हजार रुपये ।





