🔴 एसएसपी ग्वालियर के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा।
🔴 आरोपी से लोडेड 315 बोर का देशी कट्टा एवं कारतूस जप्त।
ग्वालियर दिनांक 31.07.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण – फरियादी अरविन्द्र गुर्जर निवासी ग्राम सौजना, थाना तिघरा, जिला ग्वालियर द्वारा थाना तिघरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 30.07.2026 को शाम के समय वह अपने परिजनों के साथ घर के परिसर में बैठा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई स्वर्गीय सुरेन्द्र सिंह गुर्जर का दामाद योगेन्द्र उर्फ जोगेन्द्र गुर्जर घर पर आया और अपनी पत्नी रोमा गुर्जर को बच्चों सहित मायके लाने की बात को लेकर विवाद करने लगा। आरोपी ने फरियादी एवं उसके परिजनों के साथ अभद्र गाली-गलौज की। विरोध करने पर वह घर की छत पर चढ़ गया और अपनी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा निकालकर फरियादी को जान से मारने की धमकी देते हुए एक राउंड फायर कर दिया। गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन घटना से फरियादी एवं उसके परिजनों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। घटना की सूचना डायल-112 पर दिए जाने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने छत पर मौजूद आरोपी योगेन्द्र उर्फ जोगेन्द्र गुर्जर को देशी कट्टे सहित पकड़कर अभिरक्षा में लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना तिघरा में अपराध क्रमांक 74/26, धारा 296(बी), 110, 351(3) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर तथा अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) के मार्गदर्शन में सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्ण पाल सिंह के नेतृत्व में थाना तिघरा, बहोड़ापुर, जनकगंज एवं पुरानी छावनी पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर आरोपी योगेन्द्र उर्फ जोगेन्द्र गुर्जर मकान की छत पर हाथ में लोडेड देसी कट्टा लेकर लगातार गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दे रहा था। परिजनों द्वारा पुलिस को बताया गया कि आरोपी कुछ देर पहले कट्टे से एक राउंड फायर भी कर चुका है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने संयम एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी से लगातार बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद थाना प्रभारी तिघरा एवं थाना प्रभारी बहोड़ापुर आरोपी के नजदीक पहुंचे। इसी दौरान थाना प्रभारी बहोड़ापुर निरीक्षक आलोक परिहार ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए सीढ़ी के माध्यम से छत पर पहुंचकर आरोपी को विश्वास में लिया तथा उसके हाथ में मौजूद लोडेड देशी कट्टे को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया। कट्टे को अनलोड करने पर उसमें से 315 बोर का एक मिस फायर कारतूस निकला। इसके बाद आरोपी को सकुशल नीचे उतारकर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी योगेन्द्र उर्फ जोगेन्द्र गुर्जर पुत्र स्वर्गीय बेताल सिंह गुर्जर, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम घसटुआ, थाना सुमावली, जिला मुरैना, हाल- अटल गेट के पास, पुरानी छावनी, ग्वालियर को विधिवत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस कट्टे से तथा एक जिंदा कारतूस उसकी पैंट की जेब से जब्त किया है। पुलिस की त्वरित, संयमित एवं पेशेवर कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई तथा आरोपी को बिना किसी जनहानि के गिरफ्तार लिया गया।
सराहनीय भूमिकाः- थाना प्रभारी तिघरा निरी. शिवराम सिंह कंसाना, उनि. महेन्द्र सिंह कुशवाह, आर. शाहरूख अली, नीकेश शर्मा, रवि चौहान, विजेन्द्र सिंह 05 वाहिनी, थाना बहोड़पुरा से निरी. आलोक सिंह परिहार, आर.चा. आकाश यादव, आर. योगेन्द्र सिकरवार, अंकित तोमर, थाना पुरानी छावनी से उनि. देशराज सिंह, प्रआर. रघुवीर धाकड़, सियाराम जाट, आर. अंगद सिंह, ओमप्रकाश, विष्णु उपाध्याय, आरचा. प्रमोद गुर्जर थाना जनकगंज से सउनि. दशरथ सिंह तोमर, आर. मनोज, भूपेन्द्र धाकड़, आलोक, सत्यभान, विकाश की सराहनीय भूमिका रही।
keyboard_arrow_up
Skip to content