🔴 सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर रखी जा रही है सतत निगरानी।
🔴 पुलिस अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किया पैदल भ्रमण, आमजन से किया संवाद।
🔴 बाजारों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जा रहा जायजा।
ग्वालियर। दिनांक 31.10.2026। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए ग्वालियर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्वालियर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के निर्देश पर जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनकी गतिविधियों की चेकिंग की जा रही है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है।

इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा थाना प्रभारियों एवं पुलिस जवानों के साथ पैदल भ्रमण किया जा रहा है।
इस दौरान अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। पैदल भ्रमण के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
ग्वालियर पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों की चेकिंग करने के साथ ही वाहनों की जांच एवं आवश्यक पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन एवं व्यापारियों से संवाद कर त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की जा रही है। साथ ही नागरिकों से अनुरोध किया जा रहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना को प्रसारित न करें।
ग्वालियर पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी एवं चेकिंग अभियान जारी है।





