ग्वालियर। 07.06.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

*घटना का संक्षिप्त विवरणः*- फरियादी श्याम सिंह(परिवर्तित नाम) निवासी उटीला ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 04.06.2026 को मेरे मामा का लड़का कृपाल(परिवर्तित नाम) उम्र करीबन 13 साल का घर से बिना बताये कहीं चला गया है। जिसकी तलाश घर व आसपास तथा रिश्तेदारी में की गई लेकिन कोई पता नही चला। मुझे शक है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसला कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना उटीला पर अपराध क्रमांक 56/26 धारा 137(2) बी.एन.एस. का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी बेहट श्री मनीष यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उटीला उप निरी. नरेन्द्र सिसोदिया के द्वारा थाना बल की टीम एवं तकनीकी सेल को उक्त अपहृत नाबालिग बालक को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग बालक की तलाश आसपास के क्षेत्र में की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

दौरान तलाश थाना प्रभारी उटीला को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई की उक्त अपहृत बालक, बबीना में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम को बबीना भेजा गया और तलाश के दौरान पुलिस टीम द्वारा ग्राम धमकन, बबीना में बालक को उसकी नानी के घर से सकुशल दस्तयाब किया गया। अपहृत बालक की दस्तयाबी के संबंध में उसके परिजनों को सूचित कर वापस थाना पर अपहृत बालक को लेकर आये। पुलिस द्वारा अपहृत बालक से पूछताछ की जा रही है तदुपरान्त अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content