ग्वालियर। 10.07.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी अंकित(परिवर्तित नाम) निवासी गोल पहाड़िया, ग्वालियर ने थाना जनकगंज पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 08.07.2026 को मेरा छोटा भाई गोपाल(परिवर्तित नाम) उम्र 16 साल 06 माह घर से बाजार में मोबाइल की दुकान पर काम करने की बोलकर गया था जो वापस नही आया, जिसकी आसपास व रिश्तेदारियों में काफी तलाश की कोई पता नही चला। कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना जनकगंज में अपराध क्रमांक 177/26 धारा 137(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त नाबालिग बालक के अपहृत होने की सूचना प्राप्त होने पर सीएसपी लश्कर श्रीमती किरण अहिरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जनकगंज निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी द्वारा उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालक को दस्तयाब करने हेतु थाना बल की टीम को लगाया गया। थाना जनकगंज पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अपहृत बालक की आसपास के क्षेत्र में तलाश की जाकर घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किये गये और और मुखबिर तंत्र के सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना जनकगंज पुलिस को तकनीकी सूचना के आधार पर जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त अपहृत नाबालिग बालक उज्जैन में देखा गया है। उक्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उज्जैन पहुंची और अपहृत नाबालिग बालक की तलाश की गई। पुलिस टीम द्वारा उक्त नाबालिग बालक को उज्जैन से सकुशल दस्तयाब किया जाकर ग्वालियर लाया गया और परिजनों को बालक के दस्तयाब होने की सूचना दी गई। दस्तयाब बालक ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी मर्जी से गया था कोई उसे बहला फुसलाकर नही ले गया था।





