ग्वालियर। दिनांक 13.09.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा ऑपरेशन ईगल के तहत अवैध हथियार रखने व खरीद फरोख्त करने तथा अवैध हथियार का प्रदर्शन करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में आज दिनांक 13.09.2026 को दौराने इलाका भ्रमण थाना भितरवार पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति स्टेडियम वार्ड क्र. 05 भितरवार में अवैध हथियार लिये कोई घटना घटित करने की नीयत से बैठा है, उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर से अति. पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) ग्वालियर श्री जयराज कुबेर द्वारा थाना भितरवार पुलिस को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी भितरवार श्री गगन हनवत के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भितरवार उप निरीक्षक बलवीर मावई के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम को मुखबिर के बताये स्थान स्टेडियम वार्ड क्र. 05 भितरवार में एक संदिग्ध लड़का खड़ा दिखा, जो पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा जिसको घेरकर पकड़ा और उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम विक्की पुत्र बादशाह रावत उम्र 19 साल नि. ग्राम बेला थाना करहिया ग्वालियर का होना बताया।
संदेही की जामा तलाशी ली गई तो अपनी कमर में वाँईं तरफ एक लोहे की धातु का बना देशी कट्टा 315 बोर का खुरसा मिला एवं पेंट की आगे की दाहिनी जेब में एक 315 बोर का जिन्दा राउण्ड मिला। आरोपी का उक्त कृत्य धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय पाया जाने से कट्टा एवं राउण्ड को मौके पर विधिवत जप्त किया गया और आरोपी के कब्जे से मिले रियलमी कम्पनी के मोबाईल को भी विधिवत जप्त किया गया। थाना भितरवार में आरोपी विक्की रावत के खिलाफ आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से मिले रियलमी कम्पनी के मोबाईल को खुलवा कर चेक किया तो उसमें आरोपी का एक कट्टा व एक पिस्टल के साथ फोटो मिला जिनके सम्बन्ध में आरोपी से बारीकी से पूछताछ की तो उक्त जप्त हुआ कट्टा ही होना बताया एवं फोटो में दिख रही पिस्टल को अपने किराये के कमरे में जण्डेल रावत के मकान वार्ड क्र. 02 भितरवार में टाँड़ पर बोरी के नीचे छिपाकर रखी होना बताया। पुलिस द्वारा आरोपी की निशादेही पर किराये के कमरे में लगी टाँड़ पर बोरी के नीचे से एक काले रंग की देशी पिस्टल को विधिवत जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:- विक्की रावत पुत्र बादशाह रावत उम्र 19 साल नि. ग्राम बेला थाना करहिया जिला ग्वालियर।
जप्त मशरूका:- एक 315 बोर का कट्टा, एक जिन्दा राउण्ड तथा एक पिस्टल एवं एक रियलमी कम्पनी का मोबाईल जप्त किया।





