🔴 सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से ग्वालियर से दिल्ली तक ट्रेस कर परिजनों से मिलाया।
ग्वालियर। 22.07.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की त्वरित दस्तयाबी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल के निर्देशन एवं सीएसपी विश्वविद्यालय श्रीमती हिना खान के मार्गदर्शन में थाना सिरोल पुलिस ने सराहनीय तत्परता एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 14 वर्षीय गुमशुदा बालक को चंद घंटों के भीतर सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया।
थाना सिरोल क्षेत्र निवासी एक फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 14 वर्षीय पुत्र दिनांक 20 जुलाई 2026 की सुबह बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों एवं संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर थाना सिरोल में अपराध क्रमांक 139/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सिरोल निरीक्षक गोविंद बल्लभ बगोली ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर बालक की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, जिसमें बालक को तड़के लगभग 3र:00 बजे घर से निकलते हुए देखा गया। इसके बाद शहर के विभिन्न मार्गों एवं चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों तथा स्मार्ट सिटी सर्विलांस नेटवर्क का विश्लेषण किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बालक की गतिविधियों का क्रमवार पता लगाया। जांच में सामने आया कि वह कलाकारी चौराहा, सचिन तेंदुलकर मार्ग, गोविंदपुरी चौराहा एवं तानसेन रेजीडेंसी होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 से एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 12121) में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
सूचना मिलते ही थाना सिरोल पुलिस की एक टीम तत्काल दिल्ली रवाना की गई। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन एवं अन्य संभावित स्थानों पर तकनीकी निगरानी एवं सतत ट्रैकिंग के दौरान पता चला कि बालक दिल्ली घूमने के बाद स्वयं ही ग्वालियर लौटने वाली ट्रेन में बैठ गया है। इसी बीच परिजनों से सूचना प्राप्त हुई कि बालक सुरक्षित घर पहुंच गया है। पुलिस टीम ने बालक को विधिवत दस्तयाब कर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि वह बिना किसी को बताए दिल्ली घूमने चला गया था।
*सराहनीय भूमिका*:- उक्त नाबालिग बालक को दस्तयाब करने में थाना प्रभारी सिरोल निरीक्षक गोविंद बल्लभ बगोली, उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुशवाहा, प्रआर.मेघसिंह, आरक्षक भरत सिंह तोमर, आरक्षक राजेन्द्र गौतम, आरक्षक गौरव सेंगर, आरक्षक रामनिवास सिंह की सराहनीय भूमिका रही।





