ग्वालियरः 21.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 21.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर तथा अभियान की नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज दिनांक 21 जुलाई 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 21 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली पुलिस द्वारा ऑरेकल पब्लिक स्कूल, रॉक्सी पुल, ग्वालियर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे ने विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए सभी प्रकार के मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा, सामाजिक जीवन एवं भविष्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं को ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा सभी ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपना सहयोग देने का संकल्प लिया।
थाना कंपू पुलिस द्वारा टकसाल स्कूल कंपू में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस तथा अन्य सभी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के तहत नशे का सेवन न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और उज्ज्वल राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं।
थाना बेहट पुलिस द्वारा संस्कार पब्लिक स्कूल, बेहट कस्बा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सउनि कोक सिंह परमार ने छात्र-छात्राओं को नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्राचार्यगण एवं विद्यार्थियों की मौजूदगी में विद्यालय परिसर में ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के जागरूकता पम्पलेट चस्पा किए गए तथा सभी छात्र-छात्राओं को नशे का सेवन न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
थाना बिजौली पुलिस ने आज ग्राम बेरजा में ग्रामीणजनों के बीच जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी उनि सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता और सामूहिक भागीदारी है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। इस अवसर पर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे बचाव के उपाय तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित नागरिकों ने नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं गांव में नशामुक्त वातावरण बनाने तथा किसी भी प्रकार की अवैध मादक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का संकल्प लिया।
थाना जनकगंज पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जनकगंज में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक विनोद सिंह चौहान ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में सरल एवं प्रेरणादायी ढंग से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह शिक्षा, करियर और पारिवारिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा सभी को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई गई। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाकर लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई





