🔴 गजराराजा स्कूल की छात्राओं की रचनात्मक प्रस्तुति ने महाराज बाड़ा पर लोगों को किया जागरूक, उत्कृष्ट रंगोली बनाने वाली छात्राओं को किया गया सम्मानित।
🔴 नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनों को समापन कार्यक्रम में प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
ग्वालियर 30.07.2026 – मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश में दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” विषय पर 15 दिवसीय जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत ग्वालियर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार एवं अभियान के नोड़ल अधिकारी श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति को लेकर विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
महाराज बाड़ा पर छात्राओं की रंगोली ने दिया नशामुक्ति का प्रेरक संदेश-
इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा महाराज बाड़ा, ग्वालियर में एक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गजराराजा स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया। रंगोली में उकेरे गए सामाजिक संदेशों ने उपस्थित नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया तथा युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक लश्कर श्रीमती किरन अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगोलियों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की तथा उत्कृष्ट रंगोली बनाने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सीएसपी लश्कर ने उपस्थित छात्राओं एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा इससे दूर रहकर ही एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी उपस्थित नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक विनोद विनायक करकरे सहित थाने के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे तथा सभी ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में हुआ अभियान का समापन-
आज दिनांक 30.07.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम सभागार, ग्वालियर में मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान का गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्णपाल सिंह द्वारा अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन कार्यक्रम में सीएसपी श्री कृष्णपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने अभियान के दौरान जिलेभर में आयोजित रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, शपथ ग्रहण कार्यक्रमों, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों, पंपलेट वितरण तथा जनसंवाद जैसे आयोजनों में सहयोग देने वाले सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि इस सामूहिक प्रयास से समाज में नशे के दुष्परिणामों के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न हुई है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर जन-जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के संकल्प को दोहराया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी सम्मानित पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों एवं सामाजिक संगठनांे के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई।
यह जन-जागरूकता अभियान आज समाप्त हुआ अवश्य है, लेकिन नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह एक निर्णायक कदम है, जो भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content