🔴 पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का कट्टा, एक जिंदा राउण्ड किया जप्त।
ग्वालियर। दिनांक 10.11.2026 – प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 09.11.2026 को थाना मुरार पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना मुरार के अप0क्र0-499/26 धारा 110,296(बी),3(5),351(3) बीएनएस के प्रकरण में फरार आरोपी सुजान उर्फ राहुल गुर्जर बड़ागॉव पुल के नीचे खड़ा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे को थाना मुरार पुलिस की टीम से मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक गोविंद बल्लभ बगोली के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर बड़ागांव पुल के नीचे से मुखबिर के बताये हुलिया के एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुजान उर्फ राहुल गुर्जर पुत्र नन्हे राजा उम्र 29 साल निवासी ग्राम पारसेन थाना बिजौली ग्वालियर का होना बताया। पकड़े गये आरोपी से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपी की निशादेही पर ग्राम सूरजपर गौशाला की दीवाल के पास से घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर कर कट्टा, एक जिंदा राउण्ड को विधिवत जप्त किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को थाना मुरार के अपराध सदर में गिरफ्तार किया गया। थाना मुरार पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादी जितेन्द्र बैस निवासी लोचन नगर सीपी कॉलोनी मुरार ग्वालियर ने थाना मुरार में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 21.09.2026 की रात्रि को वह और उसकी माँ घर पर थे तभी एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी से राहुल गुर्जर एवं उसके अन्य साथी पुष्पेन्द्र गुर्जर, रवि गुर्जर, मुनेन्द्र गुर्जर आये जिनसे हमारा पुराना विवाद है। पुराने विवाद पर से वह लोग माँ बहन की गालियां देने लगे एवं राहुल गुर्जर ने देशी कट्टे से कई फायर किये जिससे मैं भयभीत होकर अपने घर के अन्दर भाग गया। फायर की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गये तो राहुल व अन्य सभी लोग मुझे जान से मारने की धमकी देते हुये मौके से भाग गये। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना मुरार में अप0क्र0-499/26 धारा 110,296(बी),3(5),351(3) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपीः- सुजान उर्फ राहुल गुर्जर पुत्र नन्हे राजा उम्र 29 साल निवासी ग्राम पारसेन थाना बिजौली ग्वालियर।
जप्त मशरूकाः- घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक देशी कट्टा व एक जिन्दा राउण्ड।





