ग्वालियर दिनांक 25.08.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार एवं अज्ञात आरोपियों की पतारसी कर उनकी गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना गोला का मंदिर पुलिस ने युवक को गोली मारकर फरार हुए अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा राउण्ड तथा एक चला हुआ खोखा बरामद किया है।

घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 23.08.2026 की रात्रि करीब 22ः25 बजे फरियादी सचिन श्रीवास, निवासी नारायण विहार कॉलोनी, ड्यूटी समाप्त कर गोला का मंदिर चौराहा से पैदल अपने घर जा रहा था। मंगाराम फैक्ट्री के सामने सड़क किनारे रुकने के दौरान मोटरसाइकिल से आए अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से जान से मारने की नीयत से उस पर कट्टे से गोली चला दी, जो उसकी पीठ में दाहिनी ओर लगी। आरोपी गोली चलाने के बाद मोटरसाइकिल से गोला का मंदिर चौराहा की ओर फरार हो गया। घायल फरियादी को परिजनों एवं डायल-112 की सहायता से उपचार हेतु ट्रॉमा सेंटर जेएएच में भर्ती कराया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गोला का मंदिर में अपराध क्रमांक 316/26, धारा 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) ने अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) को थाना गोला का मंदिर पुलिस की टीम गठित कर अज्ञात हमलावर की पतारसी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एवं सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

विवेचना के दौरान उपचाररत फरियादी के होश में आने एवं बयान देने की स्थिति में होने पर पुलिस ने उसके कथन लिए। फरियादी ने बताया कि करीब 4-5 माह पूर्व उसकी मुलाकात केशर टावर स्थित एक शोरूम में काम करने वाले बृजेश बरैया से हुई थी। बृजेश की परिचित युवती से फरियादी की बातचीत होने के कारण बृजेश उससे रंजिश रखने लगा था। फरियादी ने बताया कि दिनांक 12.08.2026 को सिम्को तिराहा पर बृजेश ने उसे धमकाते हुए युवती से बातचीत बंद करने तथा उससे न मिलने के लिए कहा था और जान से मारने की धमकी दी थी। फरियादी ने अपने बयान में यह भी बताया कि दिनांक 23.08.2026 को उसी बृजेश बरैया ने नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से आकर उसे पीछे से गोली मारी और वारदात के बाद गोला का मंदिर की ओर भाग गया।

फरियादी के कथनों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा दिनांक 12.08.2026 के स्मार्ट सिटी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी बृजेश बरैया नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा केशर टावर स्थित शोरूम पर पहुंचकर बृजेश बरैया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर मेला ग्राउंड स्थित एक खंडहर से वारदात में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा राउण्ड एवं एक चला हुआ खोखा विधिवत जप्त किया गया है। आरोपी को उक्त प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:- बृजेश बरैया पुत्र राजेन्द्र सिंह उम्र 27 साल निवासी गौतम नगर थाटीपुर

जप्तशुदा हथियार:- एक 32 बोर की पिस्टल व एक जिंदा राउण्ड 32 बोर व एक चला हुआ खोका।

keyboard_arrow_up
Skip to content