ग्वालियर। 06.05.2026 ।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादी अनिल कुशवाह निवासी कृष्णकुंज विहार कालोनी खुरैरी बडागांव मुरार जिला ग्वालियर ने थाना मुरार में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 05.05.2026 की रात्रि लगभग 08ः30 बजे उसके घर के पीछे उसके रिश्तेदार की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मामूली बात को लेकर पड़ोसी राजपाल बघेल ने उसके छोटे भाई रवि से घूरने को लेकर विवाद प्रारंभ कर दिया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। उसके बाद अनार सिंह बघेल लाठी लेकर आया और फरियादी के पिता रमेश कुशवाह के सिर पर वार किया, साथ ही रवि एवं फरियादी अनिल के साथ भी लाठी-डंडों एवं पत्थरों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आई फरियादी की पत्नी नीतू कुशवाह एवं रवि की पत्नी लक्ष्मी कुशवाह के साथ भी उनके द्वारा मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसी दौरान रामू बघेल अपने घर से 315 बोर की बंदूक लेकर आया और जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। सुखबीर बघेल द्वारा भी ईंट-पत्थर फेंके गए तथा सभी गंदी-गंदी गालियां देते रहे। फायरिंग के दौरान फरियादी का भाई रवि छत पर चला गया, जहां रामू बघेल ने छत से फायरिंग की जिससे गोली रवि के दाहिने हाथ में लगी, इसके बाद दूसरी गोली फरियादी के पिता रमेश कुशवाह के सीने में लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। एक अन्य गोली फरियादी की मां पुष्पा कुशवाह के हाथ में लगी। घटना के पश्चात फरियादी एवं उसके परिजनों द्वारा घायलों को तत्काल मुरार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा रमेश कुशवाह को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पुष्पा कुशवाह एवं रवि को उपचार हेतु जे.ए. हॉस्पिटल ग्वालियर रेफर किया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मुरार में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 201/25 धारा 296(बी), 115(2), 103(1), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

उक्त हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक शहर (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) एवं अति. पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर को थाना मुरार पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाकर उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों को शीघ्र पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी व डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरी0 मैना पटेल एवं थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा के द्वारा थाना मुरार पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाकर उक्त हत्या के प्रकरण में वांछित फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।

दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपियों की तलाश उनके छिपने के संभावित जगहों पर की गई और उक्त आरोपियों को पकड़ने हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किये गये। आज दिनांक 06.05.2026 को पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर उक्त हत्या के प्रकरण में वांछित फरार एक आरोपी अनार सिंह बघेल को धरदबोचा। पकड़े गये आरोपी द्वारा अपने परिजनों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा उक्त आरोपी को थाना मुरार के अपराध सदर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी से अन्य आरोपियों एवं घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी – अनार सिंह बघेल पुत्र डरू सिंह उम्र 36 साल कृष्णकुंज विहार कॉलोनी, खुरैरी, मुरार जिला ग्वालियर

 

keyboard_arrow_up
Skip to content