🔴 *जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित किए गए जन-जागरूकता कार्यक्रम।*
🔴 *ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड एवं सोशल मीडिया हैकिंग से बचाव के बताए उपाय।*
🔴 *आमजनों को दिलाई गई साइबर सुरक्षा शपथ, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का लिया संकल्प।*
🔴 *साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन एवं साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की दी सलाह।*
ग्वालियर। 26.06.2026 । मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ के तृतीय दिवस आज दिनांक 26 जून 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत ग्वालियर जिले के विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों तथा सामुदायिक क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी निवेश योजनाओं, साइबर ब्लैकमेलिंग, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी वेबसाइट एवं लिंक तथा अन्य साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

पुलिस अधिकारियों द्वारा आमजन को बताया गया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय आवश्यक सावधानियां अवश्य बरतें। इसके साथ ही डिजिटल भुगतान करते समय सुरक्षित एवं विश्वसनीय माध्यमों का उपयोग करने तथा समय-समय पर पासवर्ड बदलने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
ग्वालियर पुलिस द्वारा नागरिकों को यह भी अवगत कराया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो गोल्डन समय का लाभ उठाते हुए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime-gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धोखाधड़ी की राशि को सुरक्षित रखने अथवा वापस प्राप्त करने का प्रयास किया जा सके।
ग्वालियर पुलिस द्वारा ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें- स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर अपराधों से सुरक्षित रखें।





