ग्वालियर दिनांक 28.06.2026।
घटना के संक्षिप्त विवरण:- फरियादी रिंकू जोशी निवासी ढीमर मोहल्ला, डबरा ने थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25.06.2026 की रात्रि के समय वह अपने छोटे भाई विनय जोशी एवं पड़ोसी राजकुमार बाथम के साथ नवगृह मंदिर स्थित अपने रेस्टोरेंट को बंद कर स्कूटी से घर लौट रहा था। जब वे ढीमर मोहल्ला में पहुंचे तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने मोटरसाइकिल अड़ाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। फरियादी द्वारा वाहन नहीं रोकने पर आरोपियों में से एक ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे फरियादी एवं उसके साथ मौजूद दोनों व्यक्ति स्कूटी सहित सड़क पर गिर गए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने फरियादी एवं उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे फरियादी रिंकू जोशी व उसके भाई विनय जोशी को चोटें आई। मारपीट के दौरान आरोपियों में से एक, जिसने अपने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, ने देशी कट्टे से हवाई फायर कर दिया। गोली चलने से भयभीत होकर फरियादी एवं उसके साथी अपनी स्कूटी घटनास्थल पर छोड़कर वहां से जान बचाकर चले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना डबरा सिटी में अपराध क्रमांक 332/2026 अंतर्गत धारा 125, 115(2), 296(बी), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर को उक्त मामले में वांछित फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा के द्वारा पुलिस की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों की पतारसी कर पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना थाना डबरा सिटी पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण के आरोपी, गैंड़ोल रोड़ तरफ जाते देखे गये हैं, सूचना पर पुलिस की टीम सूचना की तस्दीक एवं कार्यवाही हेतु पुलिया के पास गैंडोल रोड़ पर पहुँची, जहां 04 व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा व उनके नाम पता पूछे तो अपने नाम (01). देव उर्फ अभिषेक कोरी पिता संतोष कोरी आयु 20 साल निवासी रामनिवास कालोनी ठाकुर बाबा रोड़ डबरा (02). आकाश कोरी पिता संतोष कोरी आयु 25 साल निवासी रामनिवास कालोनी ठाकुर बाबा रोड़ डबरा (03). मुकेश बाथम पिता अशोक बाथम आयु 19 साल निवासी टावर के पास दीदार कॉलोनी डबरा एवं (04). विधि विरूद्ध बालक(बाल अपचारी) निवासी डबरा का होना बताये)
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में विधि विरूद्ध बालक द्वारा घटना के समय कट्टा से हवाई फायर करना एवं कट्टा व एक जिन्दा राउण्ड तथा एक खाली खोखा को इमली नाका के पास झाड़ियों में छिपा कर रखना बताया, जिसे पुलिस द्वारा बाल अपचारी की निशादेही पर जप्त किया गया। आरोपी देव उर्फ अभिषेक कोरी के द्वारा डण्डा से मारपीट करना व घटना में प्रयुक्त डण्डा इमली नाका के पास झाड़ियों में फेंकना बताया जिसे पुलिस द्वरा जप्त किया गया। थाना डबर सिटी पुलिस द्वारा आरोपियों को अपराध क्रमांक 332/2026 अंतर्गत धारा 125, 115(2), 296(बी), 3(5) बीएनएस इजाफा धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में अभिरक्षा में लिया जाकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त मशरूका:- एक 315 बोर का कट्टा मय एक जिन्दा राउण्ड व एक खाली खोखा एवं एक डण्डा।





