🔴 मेडिकल कॉलेज एवं जेएएच समूह में चिकित्सकों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों को साइबर सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण।
🔴 एडी.एसपी श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) ने बताए डिजिटल ठगी से बचाव के प्रभावी उपाय, सतर्कता बरतने की दी सलाह।
🔴 ग्वालियर किले पर स्थित पार्क में योगाभ्यास के बीच बहोड़ापुर पुलिस ने दिया साइबर सुरक्षा का अनूठा संदेश।
🔴 ग्वालियर जिले के स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चला व्यापक साइबर जागरूकता अभियान।

ग्वालियर। 27.06.2026 । मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ के चौथे दिवस आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल सिंह जग्गा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत मेडिकल संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर नागरिकों को साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मेडिकल कॉलेज एवं जेएएच समूह में चिकित्सकों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्यकर्मियों को किया जागरूकः-

अभियान के अंतर्गत जीआरएमसी मेडिकल कॉलेज एवं जेएएच समूह, ग्वालियर में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल सिंह जग्गा(भापुसे) एवं थाना प्रभारी कंपू श्री अमर सिंह सिकरवार ने मेडिकल विद्यार्थियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अस्पताल कर्मचारियों एवं उपस्थित नागरिकों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।

अपने संबोधन में एएसपी ग्वालियर ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधी आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ लोगों की भावनाओं, भय, लालच एवं जल्दबाजी का लाभ उठाकर उन्हें आर्थिक ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी भी साइबर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल, ई-मेल, लिंक अथवा मोबाइल एप पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करना चाहिए। उन्होंने सभी से अपने मोबाइल, ई-मेल एवं सोशल मीडिया खातों के लिए मजबूत पासवर्ड रखने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने तथा केवल अधिकृत वेबसाइट एवं मोबाइल एप के माध्यम से ही ऑनलाइन लेन-देन करने की अपील की।

ग्वालियर दुर्ग पर योग के साथ दिया साइबर सुरक्षा का संदेशः-

इसी क्रम में थाना बहोड़ापुर के थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक सिंह परिहार ने अपने थाना स्टाफ के साथ ग्वालियर दुर्ग स्थित पार्क में प्रातःकाल योग एवं व्यायाम करने पहुंचे महिलाओं एवं पुरुषों के बीच एक अनूठा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। योगाभ्यास कर रहे नागरिकों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि जिस प्रकार योग शरीर और मन को स्वस्थ एवं संतुलित रखता है, उसी प्रकार साइबर जागरूकता हमारे डिजिटल जीवन को सुरक्षित और संरक्षित बनाती है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति मोबाइल और इंटरनेट से जुड़ा हुआ है, इसलिए डिजिटल सतर्कता भी दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन चुकी है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, क्यूआर कोड स्कैन कराकर बैंक खाते से राशि निकालना, व्हाट्सएप हैकिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन निवेश एवं जॉब फ्रॉड, फर्जी बैंक कॉल, डीपफेक वीडियो एवं आवाज, फिशिंग लिंक सहित विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी अथवा पासवर्ड किसी से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश का सत्यापन किए बिना उस पर विश्वास न करें।

जिलेभर में हजारों नागरिकों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेशः-

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में भी साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने साइबर अपराधों से जुड़े वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों में लोगों को बताया गया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में शुरुआती समय अर्थात गोल्डन आवर सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि पीड़ित तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराता है अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत करता है, तो ठगी गई राशि को होल्ड कराने अथवा वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
ग्वालियर पुलिस की आमजन से अपीलः- ग्वालियर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश, लिंक अथवा ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर समय गंवाए बिना 1930 हेल्पलाइन अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं। आपकी सजगता ही साइबर अपराधियों के विरुद्ध सबसे मजबूत सुरक्षा कवच है।

keyboard_arrow_up
Skip to content