ग्वालियर। दिनांक 04.09.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा ऑपरेशन ईगल के तहत अवैध हथियार रखने व खरीद फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 02.09.2026 को थाना इंदरगंज़ पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध लड़का अवैध हथियार लिए कोई वारदात करने की नियत से नाले के किनारे गोटे महादेव मंदिर के पास गैंडे वाली सड़क पर घूम रहा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा थाना इंदरगंज पुलिस को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी इंदरगंज श्री रोबिन जैन के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी इंदरगंज निरीक्षक दीप्ती तोमर के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर जाकर देखा तो गेंडे वाली सड़क पर मुखबिर के बताये हुलिया का एक संदिग्ध लड़का घूमता हुआ मिला, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसकी कमर में एक 315 बोर का देशी कट्टा खुरसा हुआ मिला एवं उसकी पेंट की जेब में 315 बोर का एक जिंदा राउंड रखा हुआ मिला। पकड़े गये संदेही का नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम चाँद गोस्वामी पुत्र राजेश गोस्वामी उम्र. 20 साल निवासी बालाजीपुरम गुढागुढी का नाका थाना माधौगंज ग्वालियर का होना बताया।
पकड़े गये आरोपी का यह कृत्य धारा 25,27 आर्म्स एक्ट का दण्डनीय पाया जाने से आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर देशी कट्टा व 01 जिंदा राउंड विधिवत जप्त किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना इंदरगंज में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:- चाँद गोस्वामी पुत्र राजेश गोस्वामी उम्र 20 साल निवासी बालाजीपुरम गुढागुढी का नाका थाना माधौगंज ग्वालियर।
जप्त मशरूका:- एक 315 बोर देशी कट्टा व 01 जिंदा राउंड जप्त।





