ग्वालियर। 04.11.2026। आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरूद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में आज दिनांक 04.11.2026 को थाना हस्तिनापुर पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि हस्तिनापुर गांव की तरफ से सफेद रंग की एक बलेनो कार में कुछ बदमाश अवैध हथियार लिए वारदात करने की नियत से घूम रहे है। उक्त से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री श्रुतकीर्ति सोमवंशी,भापुसे द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल को थाना हस्तिनापुर पुलिस की टीम से मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में एसडीओपी बेहट श्री मनीष यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हस्तिनापुर उप निरी. देवेन्द्र लोधी के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम ने हस्तिनापुर तिराहे से हस्तिनापुर गांव की तरफ जाकर देखा तो एक सफेद रंग की बलेनो कार हस्तिनापुर गांव की तरफ से आती दिखी जिसे पुलिस द्वारा रोका गया तो कार का चालक गाडी से उतरकर गाड़ी की चाबी लेकर आरोली तरफ भाग गया। पुलिस द्वारा गाडी को चेक करने पर गाडी में तीन व्यक्ति बैठे मिले। जिनसे नाम पूछने पर उन्होने अपने नाम अरविन्द गुर्जर, सत्यपाल उर्फ लवकुश गुर्जर, विजय गुर्जर बताये।
पकड़े गये तीनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर अरविन्द गुर्जर की कमर में एक 32 बोर की पिस्टल खुरसी हुई मिली, जिसकी मैग्जीन में 02 जिन्दा राउण्ड लगे मिले तथा अन्य दोनों व्यक्तियों की जेब में पिस्टल के दो जिंदा राउंड रखे हुए मिले। पुलिस द्वारा मौके से भागे हुये चालक के संबध में पूछताछ करने पर उसका नाम रवि गुर्जर पुत्र शिव सिंह गुर्जर होना बताया। पकड़े गये आरोपीगणों का यह कृत्य धारा 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत दण्डनीय पाया जाने से उनके कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर की मय 04 जिन्दा राउण्ड, एक वलेनो कार व एक वीवो कम्पनी का मोबाइल तथा कार की डिग्गी से दो नम्बर प्लेटे जिन पर नम्वर एमपी07-जेडके-7647 लिखी हुई विधिवत जप्त की गई।
पुलिस द्वारा फरार आरोपी सहित चारों आरोपियों के खिलाफ थाना हस्तिनापुर में अप0क्र0- 85/26 धारा 25,27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा आरोपियों से उनके फरार साथी व अवैध हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपीगणः-
1. अरविन्द पुत्र राकेश गुर्जर उम्र 24 साल निवासी भौडेरी का पुरा टिहोली थाना उटीला ग्वालियर।
2. सत्यपाल उर्फ लवकुश पुत्र वीरेन्द्र सिंह गुर्जर उम्र 28 साल निवासी हनुमान कॉलोनी डबरा ग्वा0।
3. विजय पुत्र चित्र सिंह गुर्जर उम्र 24 साल निवासी भौडेरी का पुरा टिहोली थाना उटीला ग्वालियर।
जप्त माल: एक पिस्टल 32 बोर की मय 04 जिन्दा राउण्ड, एक वीवो मोबाइल, एक बलेनो कार तथा दो नम्बर प्लेटे की जप्त।





