ग्वालियर। 23.07.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर जिले के समस्त थाना प्रभारियोें द्वारा लंबित विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर द्वारा अधीनस्थ समस्त थानों को लंबित अपराधों में फरार आरोपियों की पतारसी कर पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा के द्वारा थाना बल की टीम को थाना डबरा सिटी के अप.क्र. 381/2026 धारा 119(1),115(2),296(बी),3(5) बीएनएस में वांछित फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान थाना डबरा सिटी पुलिस द्वारा लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण के आरोपी चांदपुर तिराहा स्थित बस स्टॉप पर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और वहां बैठे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दीपक उर्फ कल्लू रजक पुत्र कालीचरन उर्फ कल्ला रजक उम्र 23 वर्ष निवासी बाजार मोहल्ला, ग्राम चांदपुर, राहुल सेन पुत्र मनोज सेन उम्र 23 वर्ष निवासी दीदार कॉलोनी, बलबिन्दर सिंह सरदार वाली गली, डबरा तथा राजू खान उर्फ राज मोहम्मद पुत्र मजर मोहम्मद उम्र 38 वर्ष निवासी दीदार कॉलोनी, बलबिन्दर सिंह सरदार वाली गली, डबरा बताए। तीनों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी दीपक उर्फ कल्लू रजक ने बताया कि श्रीराम पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट की घटना में उसके साथ राहुल सेन, राजू खान उर्फ राज मोहम्मद एवं माते रावत भी शामिल थे। उसने बताया कि माते रावत ग्राम पचोखरा, थाना गोराघाट, जिला दतिया का निवासी है और घटना के बाद से फरार है। आरोपियों के बयान के आधार पर थाना डबरा सिटी पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया।
आज दिनांक 23.07.2026 को डबरा सिटी पुलिस ने उक्त प्रकरण के चौथे आरोपी बृजेन्द्र उर्फ माते रावत पुत्र हरीमोहन उम्र 28 साल निवासी ग्राम पचोखरा, थाना गोराघाट, जिला दतिया को गोराघाट क्षेत्र से धरदबोचा और ग्राम चांदपुर तिराहा के पास से घटना में प्रयुक्त ईको कार क्रमांक एमपी-07-एजे-2469 एवं दो डंडे जप्त किये गये। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाया गया और घटना का रीक्रिएशन कराया उसके बाद माननीय न्यायालय पेश किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- ज्ञात हो कि फरियादी नितिन रजक निवासी ग्राम धई करही, थाना पिछोर ने थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह श्रीराम फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप), हाईवे डबरा पर कार्यरत है। दिनांक 16.07.2026 की रात्रि लगभग 01:00 बजे आरोपी दीपक उर्फ कल्लू रजक निवासी चांदपुर अपनी ईको कार क्रमांक एमपी-07-एजे-2469 से पेट्रोल पंप पर गलत दिशा से आकर खड़ा हुआ। फरियादी द्वारा वाहन को एक ओर लगाने का आग्रह करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और वहां से चला गया। कुछ समय बाद आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ पुनः पेट्रोल पंप पर पहुंचा और फरियादी से शराब पीने के लिए रुपये की मांग की।
फरियादी द्वारा रुपये देने से मना करने पर चारों आरोपियों ने डंडों से उसकी मारपीट कर दी, जिससे उसे पीठ सहित शरीर पर चोटें आईं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना डबरा सिटी में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 381/2026 धारा 119(1),115(2),296(बी),3(5) भारतीय न्याय संहिता(बीएनएस) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।





