पकड़े गये शातिर चोरों से चोरी गया माल व एक स्कूटी व मोबाइल किया जप्त ।
ग्वालियर। 21.05.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह, भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर जिले में चोरों, नकबजनों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाया जा रहा है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में थाना हजीरा पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि दो लड़के बिना नंबर की ग्रे कलर की स्कूटी पर चांदी के पुराने गहने व चांदी के सिक्के बेचने के लिये हजीरा चौराहा व चार शहर के नाका पर घूम रहे हैं। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति० पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती अनु बेनीवाल (भापुसे) द्वारा थाना हजीरा पुलिस को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरी० जितेन्द्र सिंह तोमर ने मुखबिर सूचना पर थाना बल की टीम को हजीरा चौराहा व चार शहर का नाका क्षेत्र में सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही हेतु भेजा। पुलिस टीम मुखबिर के बताये स्थानों पर संदिग्धों की तलाश में पहुंची तो मुखबिर के बताये हुलिया के दो लड़के एक बिना नंबर की ग्रे कलर की स्कूटी लिये बिरला नगर ब्रिज के पास दिखे। जिन्हे पुलिस टीम द्वारा रोककर नाम पता पूछा तो स्कूटी चालक ने अपना नाम तुषार गिरी तथा पीछे बैठे लड़के ने अपना नाम राजकुमार जाटव बताया। पुलिस द्वारा उक्त संदेहियों से थाना हजीरा के अपराध क्र. 135/26 धारा 305 (ए), 331 (4) बीएनएस के बारे में पूछताछ की तो संदेहियों ने चोरी करना स्वीकार किया।
पकड़े गये आरोपी राजकुमार जाटव पिता स्व.श्री बच्चूलाल जाटव उम्र 30 साल निवासी मातादीन का पुरा तरसोखर थाना अटेर जिला भिण्ड के कब्जे से दो चांदी की पुरानी अंगूठियाँ, एक चांदी जैसी पुरानी धातू की अंगूठी, पांच जोड़ी चाँदी जैसी धातु के पुराने बिछिया, दो दो चांदी के सिक्के जप्त किये गये तथा तलाशी में एक रेडमी कंपनी का मोबाइल मिला जिसे भी जप्त किया गया। उसके बाद आरोपी तुषार गिरी पिता स्व.श्री रूपेश गिरी उम्र 20 साल निवासी आनंद नगर आरामील बिरला नगर हजीरा ग्वालियर से की गई पूछताछ में आरोपी तुषार गिरी के कब्जे से एक जोड़ी चांदी जैसी धातु की टूटी हुई तोड़ियाँ, दो चाँदी के सिक्के, होण्डा कंपनी की एक्टिवा स्कूटी ग्रे कलर की जिसके आगे पीछे नंबर नहीं है को विधिवत जप्त किया गया।
ज्ञात हो कि फरियादी डॉ. आशीष सोमेश निवासी जयारोग्य हॉस्पीटल कैम्पस ग्वालियर ने थाना हजीरा पर रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 12.05.2026 को मेरे ससुर प्रकाशचंद आर्य निवासी मकान न. 221 न्यू कालोनी नम्बर-1 बिरला नगर जो कि भोपाल में रहते हैं, दिनांक 12.05.2026 को पड़ोसी महेन्द्र आर्य ने मेरे ससुर को बताया कि आपके घर का ताला टूटा हुआ है। उक्त सूचना पर वह मौके पर गये तो देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था अन्दर जाकर देखा तो कमरों के अन्दर लगे लॉकर के ताले भी टूटे हुये थे तथा दीवान बेड भी खुला पडा था मेरी सास ने मुझे वताया कि चाँदी का पुराने इस्तेमाली सामान कीमती करीवन बीस हजार रूपये का लॉकर में रखा था जो अज्ञात चोर रात्रि में घर के ताले तोड़कर चोरी कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अप०क0 135/26 धारा 305 (ए), 331 (4) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
जप्त मशरूकाः- चोरी के दो चांदी की पुरानी अंगूठियाँ, एक चांदी जैसी पुरानी धातू की अंगूठी, पांच जोड़ी चाँदी जैसी धातु के पुराने बिछिया, दो चांदी के सिक्के, एक जोड़ी चांदी जैसी धातु की टूटी हुई तोड़ियाँ, दो चाँदी के सिक्के, होण्डा कंपनी की एक्टिवा स्कूटी एवं एक रेडमी कंपनी का मोबाइल जप्त।





