ग्वालियर। 12.04.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाकर चोरां को पकड़ने हेतु जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र में हुई चोरी व नकबजनी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर निरीक्षक विपेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा थाना बल की टीम को थाना थाटीपुर के अपराध क्रमांक 98/ 26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में वांछित अज्ञात चोरों की पतारसी कर पकड़ने हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये गये, जिसमें संदिग्धों को चिन्हित किया जो बारिश होने की बजह से प्लास्टिक की बरसाती पहनकर आये थे।

दौराने विवेचना पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर एक बाल अपचारी उम्र 17 साल निवासी श्रीनगर कॉलोनी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया और उक्त चोरी के संबंध में पूछताछ की गई तो बाल अपचारी की निशादेही पर पुलिस द्वारा उससे चोरी किया गया सेनेटरी का सामान कीमती करीबन डेढ़ लाख रूपये का जप्त किया गया और बाल अपचारी को मौके पर ही उक्त प्रकरण में अभिरक्षा में लिया गया। उसके बाद पुलिस द्वारा उक्त मामले में दूसरे आरोपी की तलाश की गई और थाना क्षेत्र से उसे भी धरदबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम व पता कालू जाटव पुत्र लक्ष्मी नारायण जाटव उम्र 20 वर्ष निवासी श्रीनगर कॉलोनी थाटीपुर जिला ग्वालियर बताया।
थाना थाटीपुर पुलिस द्वारा आरोपी को उक्त प्रकरण में गिरफ्तार कर उससे पूछताछ उपरान्त चोरी गये शेष माल मशरूम को भी जप्त किया गया है। इस प्रकार थाना थाटीपुर पुलिस द्वारा एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को चोरी के माल सहित अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी से क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात हो कि दिनांक 8.4.2026 को फरियादी राहुल काकोरिया निवासी शकुन्तलापुरी थाटीपुर ने थाना में रिपोर्ट लेख कराई थी कि उसकी जीवाजी नगर में सेनेटरी के सामान की दुकान है। जिसमें दिनांक 7/8 अपैल 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर के द्वारा पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर दीवाल में सेंध लगाकर उसकी दुकान से सेनेटरी के सामान की चोरी कर ली गई, जिसकी कुल कीमत करीबन ₹300000 है। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना थाटीपुर में अप0 क्र0 98/26 धारा 331(4,) 305(ए) बीएनएस का दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
जप्त मशरूका : चोरी गया सेनेटरी का सामान कुल कीमत करीबन ₹300000 जप्त किया गया।





