🔴कुल 24 किलो 310 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत लगभग 2 लाख 45 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की इलेक्ट्रिक स्कूटी कीमती लगभग 56 हजार रुपये।
ग्वालियर। दिनांक 21.06.2026 – माननीय राष्ट्रपति महोदय के ग्वालियर आगमन एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों के दृष्टिगत जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए ग्वालियर पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से.) के निर्देश पर तथा अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबरे एवं एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में डबरा क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा होटल, लॉज, ढाबों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा के निर्देश पर आज दिनांक 21.06.2026 को थाना डबरा सिटी पुलिस द्वारा मगरोरा रोड स्थित मजार के पास संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी इसी दौरान प्रातः लगभग 07ः30 बजे पुलिस टीम को हाईवे की ओर से एक बिना नम्बर की इलेक्ट्रिक स्कूटी आती दिखाई दी, जिस पर दो पुरुष एवं एक महिला सवार थे। पुलिस चेकिंग देखकर उक्त व्यक्ति अचानक वाहन मोड़कर वापस जाने का प्रयास करने लगे, जिससे पुलिस को उन पर संदेह हुआ। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर स्कूटी को रोककर उसमें सवार व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम क्रमशः दिनेश चौहान पिता रमेश सिंह चौहान उम्र 45 वर्ष निवासी ढीमर मोहल्ला डबरा, अरविन्द वंशकार पिता सीताराम वंशकार उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम कोटखेरा थाना रक्शा जिला शिवपुरी तथा रजनी वंशकार पत्नी अरविन्द वंशकार उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कोटखेरा थाना रक्शा जिला झांसी (उ.प्र.) होना बताया, गांजा तस्करों मेें अरविन्द वंशकार व रजनी पति पत्नी हैं।

पुलिस द्वारा संदेहियों के कब्जे में मौजूद एक सफेद रंग एवं एक हरे रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों बैगों के अंदर प्लास्टिक की पॉलिथीन में भरे हुए भूरे रंग के बीज, हरी पत्तियां एवं डंठल युक्त पदार्थ मिले, जो प्रथम दृष्टया गांजा प्रतीत हुआ। पूछताछ करने पर आरोपियों ने भी उक्त पदार्थ को गांजा होना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा मौके पर विधिवत कार्यवाही करते हुए दोनों बैगों में रखे अवैध मादक पदार्थ की तौल कराई गई। तौल में सफेद रंग के ट्रॉली बैग से 12 किलो 60 ग्राम तथा हरे रंग के ट्रॉली बैग से 12 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार कुल 24 किलो 310 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती लगभग 2 लाख 45 हजार रुपये का आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की इलेक्ट्रिक स्कूटी कीमत लगभग 56 हजार रुपये को भी जप्त किया, आरोपियों का उक्त कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दण्डनीय पाए जाने विधिवत गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों से की गई विस्तृत पूछताछ में एक महत्वपूर्ण खुलासा हुआ, आरोपियों ने बताया कि डबरा निवासी संतोष पचौरी पिता जगदीश प्रसाद पचौरी द्वारा उड़ीसा से गांजा खरीदकर मंगाया जाता था। अरविन्द वंशकार एवं रजनी वंशकार के माध्यम से उक्त गांजे को थोक स्तर पर डबरा तक पहुंचाया जाता था, जबकि दिनेश चौहान के माध्यम से संतोष पचौरी द्वारा तय किए गए ग्राहकों को क्षेत्र में फुटकर बिक्री कराई जाती थी। उन्होने बताया कि संतोष पचौरी वर्तमान में उड़ीसा के संभलपुर क्षेत्र के पास किसी गांव में मौजूद है। थाना डबरा सिटी में उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 322/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा प्रकरण में फरार आरोपी संतोष पचौरी की तलाश प्रारंभ कर दी गई है साथ ही अवैध मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जांच जारी है।
*गिरफ्तार आरोपीगण*:-
1. दिनेश चौहान पिता रमेश सिंह चौहान उम्र 45 वर्ष निवासी ढीमर मोहल्ला डबरा जिला ग्वालियर
2. अरविन्द वंशकार पिता सीताराम वंशकार उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम कोटखेरा थाना रक्शा, झांसी (उ.प्र.)
3. रजनी वंशकार पत्नी अरविन्द वंशकार उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कोटखेरा थाना रक्शा, झांसी (उ.प्र.)
*जप्त माल*:- कुल 24 किलो 310 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत लगभग 2 लाख 45 हजार रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की इलेक्ट्रिक स्कूटी कीमती लगभग 56 हजार रुपये।
*सराहनीय भूमिका*:- उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरी. संजय शर्मा, उप निरीक्षक जीतेन्द्र आर्यन शर्मा, प्र.आर. शिवशांत पाण्डेय, प्र.आर. दिनेश, आर. शिवम पाल, आर. ललित शर्मा, आर. दीपक रावत, म.आर. जया कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही।





