ग्वालियर। दिनांक 29.09.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर वाहन चोरों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के तारतम्य में अति0 पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में चोरी गये वाहनों की बरामदगी कर चोरों को पकड़ने हेतु मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिये गये।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरीक्षक संजय शर्मा द्वारा थाना बल की एक टीम को थाना क्षेत्र में चोरी गये वाहनों की पतारसी कर आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया। इसी दौरान दिनांक 28.09.2026 को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति मॉडल स्कूल के पास औनेपौने दाम में मोटर साईकिल बेचने की बात कर रहा है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मोहित पटेल पिता प्रहलाद पटेल उम्र 26 साल निवासी ग्राम उजियापुरा थाना पूँछ जिला झांसी. उ.प्र. हाल नारायण बिहार कॉलोनी थाना गोले का मंदिर ग्वालियर का होना बताया।
पकड़े गये व्यक्ति से गहनता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा कुछ महीने पहले टिकिट घर के पास से स्पलेण्डर प्लस मोटर साईकिल चोरी करना स्वीकार किया, इसके अतिरिक्त 15 अन्य मोटर साईकिलें दीगर राज्य व दीगर थाना क्षेत्रांे से चोरी कर मॉडल स्कूल के पीछे सिंध नदी के बीहड़ में छिपाकर रखना बताया। पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर मॉडल स्कूल के पीछे सिंध नदी के बीहड में झाडियों में रखी थाना डबरा सिटी के अपराध क्रमांक 314/26 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी गई एक स्प्लेण्डर प्लस मोटर साईकिल सहित अन्य स्थानों से चोरी की गई 07 स्पलेंडर प्लस मोटरसायकिलें, 05 हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसायकिलें, 02 टीव्हीएस अपाचे मोटरसायकिलें, 01 हीरो पेशन प्रो मोटरसायकिल कुल 16 मोटर सायकिलों को विधिवत जप्त किया गया।
पुलिस द्वारा पकड़े गये आरोपी मोहित पटेल से अपराध क्रमांक 372/26, 526/26, 569/26 में चोरी गई मोटर साईकिलो के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा उक्त तीनों अपराधो में प्रथक प्रथक तीन मोटर साईकिलें चोरी करना स्वीकार किया एवं उक्त मोटर साईकिलांे को बेचने के लिये अपने साथी घनश्याम यादव एवं बलराम अहिरवार को देना बताया।
पुलिस द्वारा पकड़े गये आरोपी की निशादेही पर आरोपीगण घनश्याम यादव व बलराम अहिरवार को बमरोली हनुमानजी मंदिर के पास से पकड़ लिया गया। पकड़े गये दोनों आरोपियों से उक्त तीनों अपराधाें में चोरी हुई मोटर साईकिलाें के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त तीनाें मोटर साईकिलें चांदपुर तिराहा के पास खाली पडे खेत में झाडियों के पीछे छिपाकर रखी होना बताया। पुलिस द्वारा पकड़े गये दोनों आरोपियों की निशादेही पर चांदपुर तिराहा के पास खेत से तीनाें मोटर साईकिलाें को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये तीनों आरोपियों को थाना डबरा सिटी के अपराध सदर में गिरफ्तार किया जाकर अन्य वाहन चोरियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात हो कि फरियादी राजवीर सिंह निवासी ग्राम बुजुर्ग रोड डबरा जिला ग्वालियर ने थाना डबरा सिटी में दिनांक 08.06.2026 को दोपहर में अपने पड़ोसी की हीरो स्पेलेण्डर प्लस मोटर साईकिल क्रमांक एमपी07-एनएम-1098 को रेल्वे स्टेशन के बाहर टिकिट घर के पास से चोरी होने की रिपोर्ट लेख कराई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना डबरा सिटी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0- 314/26 धारा 303(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपीगणः-
1. मोहित पटेल पिता प्रहलाद पटेल उम्र 26 साल निवासी ग्राम उजियापुरा थाना पूँछ जिला झांसी. उ.प्र. हाल नारायण बिहार कॉलोनी थाना गोले का मंदिर ग्वालियर। (मुख्य आरोपी)
2. घनश्याम यादव पिता अमरसिहं यादव आयु 23 साल निवासी ग्राम कुँवरपुरा खखोरा थाना महू रानीपुरा जिला झांसी उ.प्र.।
3. बलराम अहिरवार पिता प्यारेलाल अहिरवार आयु 28 साल निवासी चिन्तेपुरा मोहल्ला थाना चरखारी जिला महोबा उ.प्र.।
बरामद चोरी का वाहन:- चोरी की कुल 19 मोटर सायकिलों को जप्त किया गया।





