🔴 ऑपरेशन मुस्कान बना मासूमों की मुस्कान, भितरवार पुलिस ने दो बालिकाओं को सकुशल परिजनों से मिलाया।

ग्वालियर 28.06.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 28.06.2026 को थाना भितरवार में फरियादी पानसिंह नाथ (परिवर्तित नाम), निवासी बेलगढ़ा जिला ग्वालियर, हाल निवास भितरवार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने परिवार के साथ मांगकर जीवन-यापन करता है। दिनांक 27.06.2026 को वह अपनी पत्नी एवं दो पुत्रियों पूजा (परिवर्तित नाम) उम्र 12 वर्ष तथा लाली (परिवर्तित नाम) उम्र 10 वर्ष के साथ कस्बा भितरवार में मांगने आया था। दोपहर के समय करैरा तिराहे के पास दोनों बच्चियां उससे बिछड़ गईं और काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भितरवार में अपराध क्रमांक 237/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विशेष पुलिस टीमों का गठन कर शुरू किया गया व्यापक सर्च अभियान – दोनों बालिकाओं के एक साथ गुम होने की सूचना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसडीओपी भितरवार श्री जितेन्द्र नगाइच के कुशल मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी भितरवार निरीक्षक सुधीर सिंह कुशवाह के नेतृत्व में तत्काल विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। सायबर टीम, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण टीम तथा तलाश-पतारसी टीमों को अलग-अलग दिशा में रवाना कर व्यापक स्तर पर सर्च अभियान प्रारंभ किया गया।

सीसीटीवी फुटेज और लगातार तलाश से मिली सफलता- पुलिस टीमों ने भितरवार कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच कर बालिकाओं की संभावित आवाजाही का रूट तैयार किया। इसके आधार पर भितरवार सहित शासन, गोहिंदा, कैरुआ, मोहनगढ़, देवगढ़, बांसौड़ी, बसई, बामरौल, करियावटी, बागवई, जतरथी, झाड़ौली, श्यामपुर, जौरा, सहारन, आदमपुर, नजरपुर, बनियातोर तथा सिल्हा, पालयछा, मावठा, देवरी, रुअर, मगरौनी, बीलौनी, रिछारी, रई, सिंघारन एवं छिमक देवरा सहित आसपास के अनेक गांवों में बालिकाओं के फोटो दिखाकर लगातार तलाश एवं पतारसी की गई।

सूचना मिलते ही ग्राम कोसा पहुंची पुलिस, दोनों बालिकाएं सकुशल मिलीं- सघन सर्च अभियान के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि फोटो में दर्शाई गई दोनों बालिकाएं ग्राम कोसा में एक महिला के यहां देखी गई हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी भितरवार एवं थाना प्रभारी भितरवार अपनी टीम के साथ तत्काल ग्राम कोसा पहुंचे, जहां कथा-भंडारा प्रसादी ग्रहण कर रही दोनों बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बालिकाएं महिला हस्ना उर्फ नीलम रजक के यहां मिलीं। बालिकाएं वहां किस परिस्थिति में पहुंचीं, इस संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत पूछताछ एवं तथ्यात्मक तस्दीक की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content