🔴 उक्त प्रकरण में 10-10 हजार रुपये के दो इनामी आरोपी सोनू उर्फ योगेन्द्र गुर्जर एवं बब्बो उर्फ नरेन्द्र गुर्जर को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
ग्वालियर। दिनांक 06.03.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी ऐदल सिंह गुर्जर निवासी ग्राम गिरगांव ने रिपोर्ट लेख कराई कि केशव सिंह के परिवार के लोगों से खेत मे पानी देने की बात पर से हमारा मुंहबाद होता रहता है। दिनांक 17.02.26 को सुबह वह अपने चाचा रामसिंह उर्फ डाल सिंह, मुकेश, रामेन्द्र के साथ अपने परिवार के बाबा कल्याण सिंह की डेयरी पर खड़ा था, तभी गांव की तरफ से लल्ला, सुमंत, सोनू, बब्बू, रामसेवक तथा दीपू हाथों में बंदूकें, कट्टे, आदि लेकर आये और गालियां देने लगे तभी लल्ला ने अपने हाथ में ली बंदूक से फायर किया जो मेरे चाचा रामसिह उर्फ डाल सिंह के सिर में लगी और वह गिर पड़े उसके बाद वह लोग हथियारों से फायरिंग करते हुए चले गये। थाना महाराजपुरा में आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0 93/26 धारा 191(1),191(3),190, 109(1) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दौराने उपचार घायल की मृत्यू होने से प्रकरण में इजाफा धारा 103 बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट की जाकर आरोपियों की तलाश की गई।
उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा उक्त प्रकरण में वांछित सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया गया। अति0 पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) द्वारा थाना प्रभारी महाराजपुरा की पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों को पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा निरीक्षक यशवंत गोयल के नेतृत्व में पुलिस की टीम को उक्त प्रकरण में फरार इनामी आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगाया गया तथा तकनीकी सेल व मुखबिर तंत्र्र को सक्रिय किया गया। महाराजपुरा पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में फरार 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी सोनू उर्फ योगेन्द्र गुर्जर एवं बब्बो उर्फ नरेन्द्र गुर्जर को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
दौराने विवेचना आज दिनांक 06.03.2026 को थाना महाराजपुरा पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में फरार 10 हजार का इनामी आरोपी लल्ला उर्फ बंटी उर्फ अतेन्द्र गुर्जर ग्राम टीकरी के आसपास घूम रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया तो ग्राम टीकरी में मुर्गी फार्म के पास मुखबिर के बताये हुलिया का एक व्यक्ति मिला जो पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेरकर पकडा और नाम व पता पूछने पर उसने अपना नाम लल्ला उर्फ बंटी उर्फ अतेन्द्र गुर्जर पुत्र स्व0 केशव सिंह गुर्जर उम्र 37 साल निवासी ग्राम गिरगांव थाना महाराजपुरा ग्वालियर का होना बताया। उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा अपराध करना स्वीकार किया। थाना महाराजपुरा पुलिस द्वारा इनामी आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके फरार अन्य साथियों व घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही हैं।
गिरफ्तार इनामी आरोपी :- लल्ला उर्फ बंटी उर्फ अतेन्द्र गुर्जर पुत्र स्व0 केशव सिंह गुर्जर उम्र 37 साल निवासी ग्राम गिरगांव थाना महाराजपुरा जिला ग्वालियर





