🔴 एएसपी ग्रामीण श्री जयराज कुबेर ने ग्वालियर रन क्लब के प्रतिभागियों को दिलाया साइबर सुरक्षा का संकल्प।
🔴 शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस ने जन जागरूकता कार्यक्रम कर लोगों को बताए साइबर ठगी से बचाव के प्रभावी उपाय।

ग्वालियर। 05.07.2026 । मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी विशेष साइबर जागरूकता अभियान ‘‘सेफ क्लिक 2.0‘‘ के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशन एवं अभियान के नोडल़ अधिकारी अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) के मार्गदर्शन में ग्वालियर पुलिस द्वारा आज जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक आमजनों को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा साइबर अपराध होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

इसी क्रम में आज जीवाजी क्लब, ग्वालियर में ’’ग्वालियर रन क्लब’’ द्वारा आयोजित साप्ताहिक दौड़ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित धावकों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध लगातार नए-नए तरीकों से किए जा रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक एवं सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजना, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी, बैंकिंग विवरण अथवा केवाईसी अपडेट के नाम पर मांगी जाने वाली जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने साइबर अपराध होने पर तत्काल ’’1930 साइबर हेल्पलाइन’’ पर शिकायत दर्ज कराने एवं एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में थाना घाटीगांव पुलिस द्वारा ग्राम दुरसेड़ी में व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी घाटीगांव निरीक्षक पूरन शर्मा एवं पुलिस बल ने ग्रामीणजनों को साइबर अपराधों के नवीन तरीकों, बैंकिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन निवेश एवं केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना विलंब 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने साइबर सुरक्षा संबंधी अनेक प्रश्न भी पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।

थाना आरोन पुलिस द्वारा ग्राम सबराई में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी रमाकांत उपाध्याय ने सरपंच श्री जीतू रावत एवं ग्रामीणजनों की उपस्थिति में साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, फर्जी लिंक एवं लॉटरी के प्रलोभन, बैंक खातों से संबंधित धोखाधड़ी, ऑनलाइन निवेश एवं डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने एवं 1930 हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत थाना बेलगढ़ा पुलिस द्वारा कांचा तिराहे पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक राजेंद्र हिना ने उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों के लगातार बदलते स्वरूप, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी एवं केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों को समझाया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

थाना मोहना पुलिस द्वारा बड़ा गांव स्थित आंगनवाड़ी कार्यालय में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सरनाम सिंह ने महिलाओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर एवं ओटीपी शेयर करने से होने वाले नुकसान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।

इसी प्रकार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ‘‘सेफ क्लिक 2.0’’ अभियान के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर साइबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता का विस्तार किया जा रहा है। ग्वालियर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, अनजान कॉल, फर्जी लिंक या निवेश के प्रलोभन से सतर्क रहें, अपनी गोपनीय बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल ’’1930 साइबर हेल्पलाइन’’ अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करें।

keyboard_arrow_up
Skip to content