ग्वालियर। 10.07.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ0 श्री शिवेश सिंह बघेल द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटनाओं का संक्षिप्त विवरण:-
1. फरियादिया गीता(परिवर्तित नाम) निवासी हजीरा, ग्वालियर ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 07.07.2026 को शाम के समय मेरा लड़का प्रेम(परिवर्तित नाम) उम्र 15 साल कोचिंग की कहकर घर से गया था तो वापस नही आया, फिर मैनें उसको आसपास काफी तलाश किया लेकिन मेरे लड़के का कोई पता नहीं चल सका है। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना हजीरा में अप0क्र0 199/26 धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
2. फरियादी दिनेश(परिवर्तित नाम) निवासी हजीरा, ग्वालियर ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 07.07.2026 को शाम के समय मेरा लड़का सत्यम(परिवर्तित नाम) उम्र 14 साल कोचिंग की कहकर घर से गया था तो वापस नही आया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना हजीरा में अप0क्र0 201/26 धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर के द्वारा पुलिस टीम को थाना क्षेत्र से उक्त अपहृत नाबालिग बालकों की पतारसी हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग बालकों की पतारसी हेतु उसके रिश्तेदारों से पूछताछ की और आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई।
दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा दिनांक 09.07.2026 को उक्त अपहृत दोनों नाबालिक बालकों को सकुशल दस्तयाब किया गया। उक्त नाबालिग बालकों ने पूछताछ में बताया कि वह घर वालों को बिना बताये मथुरा व हाथरस घूमने चले गये थे। उन्हे कोई जबरदस्ती नहीं ले गया था और और दोनों ने अपने साथ किसी प्रकार की कोई घटना घटित होना नहीं बताया। दोनों दस्तयाब बालकों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हे बाल सम्प्रेक्षण गृह ग्वालियर में रखा गया है।





