ग्वालियर। 13.10.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) डॉ0 शिवेश सिंह बघेल द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।

घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी जितेन्द्र सिंह(परिवर्तित नाम) निवासी उटीला ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 30.09.2026 को मेरी लड़की शीला(परिवर्तित नाम) उम्र करीबन 15 साल घर से कहीं चली गई है। जिसकी तलाश आसपास तथा रिश्तेदारी में की गई लेकिन कोई पता नही चला। मुझे शक है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसला कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना उटीला पर अपराध क्रमांक 91/26 धारा 137(2) बी.एन.एस. का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी बेहट श्री मनीष यादव के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उटीला उप निरी. नरेन्द्र सिसोदिया के द्वारा थाना बल की टीम एवं तकनीकी सेल को उक्त अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग बालिका की तलाश आसपास के क्षेत्र में की गई एवं बस स्टेंड व रेलवे स्टेशन के सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये गये।

दौरान तलाश थाना प्रभारी उटीला को सीसीटीव्ही फुटेज में उक्त नाबालिग बालिका ग्वालियर रेलवे स्टेशन से भोपाल जाने वाली ट्रेन में बैठकर जाती हुई दिखी, जिसके आधार पर पुलिस द्वारा भोपाल रेलवे स्टेशन के कैमरे चेक करने पर पाया कि उक्त बालिका ट्रेन से उतरकर इंदौर जाने वाली बस में बैठकर इंदौर गई है। पुलिस द्वारा सीसीटीव्ही फुटेजों के आधार पर उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालिका को इंदौर में एक संदेही युवक के घर से दस्तयाब किया गया। पुलिस द्वारा दस्तयाब बालिका एवं संदेही युवक को अभिरक्षा में लेकर ग्वालियर लाया गया। थाना उटीला पुलिस द्वारा दस्तयाब बालिका के कथनों के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

keyboard_arrow_up
Skip to content