ग्वालियर। 21.04.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी नीतेश(परिवर्तित नाम) निवासी अग्रसेन चौराहा के पास डबरा हाल- झांसीरोड ग्वालियर ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 20.04.2026 के समय दोपहर करीबन 03.15 बजे मेरा लड़का कान्हा(परिवर्तित नाम) उम्र 17 बर्ष 01 माह कोचिंग पर पढ़ने की जाने की कहकर घर से गया था) जो रात्रि 08.00 बजे तक घर बापस नहीं आया, फिर मैंने अपने लड़के की तलाश कोचिंग पर की तो पता चला कि वह कोचिंग पर नहीं पहुंचा है फिर मैने अपने लड़के की तलाश आसपास एवं रिश्तेदारियों में व उसके दोस्तों में की उसका कोई पता नहीं चला, मेरे लड़के को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसला कर ले गया है फरियादी की रिपोर्ट पर थाना झांसीरोड़ में अपराध क्रमांक 111/26 धारा 137(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त नाबालिग बालक के अपहृत होने की सूचना प्राप्त होने पर सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झांसीरोड निरीक्षक शक्ति सिंह यादव द्वारा उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालक को दस्तयाब करने हेतु थाना बल की टीम को लगाया गया। थाना झांसीरोड पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए अपहृत बालक की आसपास के क्षेत्र में तलाश की जाकर घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किये गये और और मुखबिर तंत्र के सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना झांसीरोड़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सोशल मीडिया अकाउंट की जानकारी, इंटरनेट हिस्ट्री, बैंक लेनदेन की जानकारी निकालकर बालक को ग्वालियर रेलवे स्टेशन से सकुशल दस्तयाब किया गया। प्राथमिक पूछताछ में बालक ने बताया कि जेईई का पेपर बिगड़ने से परिणाम में फ़ैल होने के भय से मम्मी पापा का सामना न करते हुए, शिमला, देहरादून भागने का प्लान था, किन्तु एटीएम से रूपये निकालते समय फंस जाने के कारण पैसे कम पड़ गए तो दिल्ली रेलवे स्टेशन से वापस लौटकर ग्वालियर स्टेशन पर आ गया, उसी समय पुलिस ने दस्तयाब किया।
सराहनीय भूमिका :– थाना प्रभारी झांसीरोड़ निरीक्षक शक्ति सिंह यादव, उनि आशीष शर्मा, प्र.आर. धीरज, शैलेश, रामप्रीत, आरक्षक श्याम, नीरज यादव, गौरव सहित थाना पड़ाव के प्र.आर. कमल सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
परिजनों से अपील –
1-बच्चों की क्षमता से अधिक अपेक्षा न करें।
2-बच्चों की दूसरे बच्चों से तुलना नहीं करना चाहिए।
3- बच्चों को कभी डराएँ धमकाएँ नहीं, पढ़ाई का दवाब न देकर बच्चों से लगातार बातचीत करते हुए समस्याओं का समाधान निकालें।





