ग्वालियर। 29.08.2026।  
घटना का संक्षिप्त विवरण:-  फरियादी दीपक शर्मा, निवासी वंशीपुरा मुरार, हाल जलालपुर चौराहा बहोड़ापुर ग्वालियर, जो हिटाची एवं रायनो कंपनी में हाउसकीपिंग व एफएलएम के पद पर कार्यरत होकर एसबीआई, एक्सिस बैंक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम की देखरेख करता है, को दिनांक 29.08.2026 की रात्रि करीब 02ः15 बजे मुंबई एसबीआई हेडक्वार्टर से सूचना प्राप्त हुई कि आनंद नगर तिराहा, ग्वालियर स्थित एटीएम में किसी व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ कर चोरी का प्रयास किया जा रहा है। सूचना पर फरियादी मौके पर पहुंचा, जहां एसबीआई के एटीएम का लोअर गेट खोलने तथा पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम के लोअर गेट को भी खोलने का प्रयास किया जाना पाया गया। दोनों एटीएम में अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ कर चोरी का प्रयास किया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बहोड़ापुर में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 325/26, धारा 305(ए), 62 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त मामला संज्ञान में आने पर  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) को थाना बहोड़ापुर एवं तकनीकी सेल की टीम बनाकर एटीएम चोर की पतारसी कर पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्ण पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बहोेड़ापुर निरीक्षक आलोक सिंह परिहार के नेतृत्व में थाना बल की टीम को उक्त मामले के अज्ञात आरोपी की पतारसी कर पकड़ने हेतु लगाया गया और सीसीटीव्ही टीम को भी आसपास के फुटेज चेक करने हेतु लगाया गया।

दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये जाकर उक्त संदिग्ध को चिन्हित किया गया और उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया। इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि सीसीटीव्ही फुटेज में दिख रहा संदिग्ध घासमंडी ग्वालियर का रहने वाला मनोज पाल है। मुखबिर की उक्त सूचना पर थाना बहोड़ापुर पुलिस द्वारा मनोज पाल पुत्र दिनेश पाल उम्र 26 साल निवासी घासमंडी ग्वालियर को चंद घटे के भीतर धरदबोचा। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी करने के उद्देश्य से बहोड़ापुर क्षेत्र में स्थित एसबीआई के एटीएम एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम के लोअर गेट खोलकर चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया। थाना बहोड़ापुर पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर विस्तृत पूछताछ की जा रही हैं।

गिरफ्तार आरोपी:- मनोज पाल पुत्र दिनेश पाल उम्र 26 साल निवासी घासमंडी ग्वालियर

keyboard_arrow_up
Skip to content