🔴 नवीन कानूनों, गिरफ्तारी प्रक्रिया एवं जमानती-अजमानतीय अपराधों पर विवेचकों को मिला प्रशिक्षण।
🔴 कानूनी प्रशिक्षण के साथ पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी जोर, हार्टफुलनेस प्रशिक्षक ने कराया मेडिटेशन।

ग्वालियर। दिनांक 11.10.2026 – गृह मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) के मार्गदर्शन में ग्वालियर जिले में पदस्थ प्रधान आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक के विवेचकों के लिए आयोजित दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार तथा कानूनी प्रावधानों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।

हार्टफुलनेस मेडिटेशन के माध्यम से तनाव प्रबंधन – प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस की शुरुआत हार्टफुलनेस प्रशिक्षक श्री हरिओम यादव द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेडिटेशन कराने के साथ हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों को मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन एवं बेहतर स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, व्यस्त एवं चुनौतीपूर्ण पुलिस ड्यूटी के बीच शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया।

नवीन आपराधिक कानूनों एवं गिरफ्तारी प्रक्रिया की दी गई जानकारी – इसके उपरांत एडीपीओ श्री पवन शर्मा द्वारा विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के अंतर्गत जमानती एवं गैर-जमानती अपराधों तथा गिरफ्तारी की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने विवेचना के दौरान कानूनी प्रावधानों का सही ढंग से पालन करने, निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने तथा कानूनों को व्यावहारिक रूप से लागू करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

विवेचकों की शंकाओं का किया गया समाधान- प्रशिक्षण के द्वितीय सत्र में विवेचकों के साथ नवीन आपराधिक कानूनों, जमानती एवं गैर-जमानती अपराधों तथा गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई। एडीपीओ ग्वालियर श्री पवन शर्मा ने विवेचकों की शंकाओं का समाधान करते हुए संबंधित कानूनी प्रावधानों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विवेचक होंगे पुरस्कृत – प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन उपस्थित विवेचकों की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विवेचकों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि परीक्षा में असफल रहने वाले विवेचकों का पुनः प्रशिक्षण कराया जाएगा, ताकि सभी विवेचक नवीन आपराधिक कानूनों एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी प्राप्त कर सकें।

इस दो दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों की बेहतर समझ विकसित करने, वैधानिक प्रक्रियाओं का प्रभावी ढंग से पालन करने तथा विवेचना को अधिक गुणवत्तापूर्ण, व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

keyboard_arrow_up
Skip to content