🔴 ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के तहत कोतवाली, बेहट, करहिया, हस्तिनापुर एवं बिजौली थाना क्षेत्रों में आमजन व ग्रामीणों को किया गया जागरूक।
🔴 जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया।

ग्वालियरः 29.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश में दिनांक 15.07.2026 से 30.07.2026 तक 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 29.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार एवं अभियान के नोड़ल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया, उन्हें नशे से दूर रहने की समझाइश दी तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ दिलाई।

इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शहर के व्यस्ततम क्षेत्र हुजरात रोड पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उप निरीक्षक हरदा नायक ने उपस्थित नागरिकों एवं राहगीरों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशे की लत से बचाने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया तथा अभियान के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

थाना जनकगंज पुलिस द्वारा जनकगंज क्षेत्र में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने आम नागरिकों, व्यापारियों एवं राहगीरों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है, इसलिए स्वयं नशे से दूर रहे तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई साथ ही कहा कि उनके आसपास कहीं भी मादक पदार्थों का अवैध कारोबार या नशे से संबंधित गतिविधियां दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देकर अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

थाना बेहट पुलिस द्वारा कठवर मंदिर के पास सुमावली-रपुआपुरा रोड पर विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं राहगीरों से संवाद करते हुए नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार के सदस्यों एवं युवाओं को भी नशे से बचाने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति संबंधी पंपलेट चस्पा कर आमजन तक संदेश पहुंचाया गया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

इसी प्रकार थाना करहिया पुलिस द्वारा ग्राम सिंघारन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन और आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव डालती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने गांव के युवाओं को भी नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने के लिए प्रेरित करें। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प दिलाया।

थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा ग्राम तोर में जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों के बीच पहुंचकर नशामुक्ति का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को नशे के कारण उत्पन्न होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का नशे से दूर रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति संबंधी पंपलेट चस्पा किए गए तथा सभी उपस्थित ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।

थाना बिजौली पुलिस द्वारा ग्राम राई में जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही युवाओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे नशे जैसी बुराइयों से स्वयं दूर रहें और अपने मित्रों एवं परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक दिशा देने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के अवैध नशे के कारोबार अथवा नशीले पदार्थों से संबंधित गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा स्वयं नशे से दूर रहने की शपथ ली।

keyboard_arrow_up
Skip to content