ग्वालियर। दिनांक 08.04.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी आयुष खटीक निवासी गोसपुरा नं. 01 ग्वालियर ने थाना ग्वालियर में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 29.03.2026 की शाम को वह अपने घर के बाहर बैठा था तभी वहां राहुल राजपूत, भानू तोमर, प्रशांत तोमर, चुन्नु रजक व दो तीन अन्य लोग मोटर सायकलों व एक्टिवा से आये और पुरानी रंजिश पर से आते ही सभी लोग मुझे मां बहिन व जातिगत गालियां देते हुये बोले आज तुझे जान से निपटा देते हैं और चुन्नु रजक व राहुल राजपुत ने चिल्लाकर कहा इसके सीने में गोली मार दो तभी भानू तोमर और प्रशांत तोमर ने देशी कट्टे से मेरे ऊपर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाई मैंने नीचे गिरकर अपनी जान बचाई। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना ग्वालियर में आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0 127/26 धारा 296,351(3),109,3(5) बीएनएस धारा 3(1)(द),3(1)(ध),3(2)(व्हीए) एससी/एसटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) को थाना ग्वालियर पुलिस की टीम से उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों को शीघ्र पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्णपाल सिंह(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा के द्वारा थाना बल की टीम एवं तकनीकी सेल को उक्त प्रकरण में वांछित फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया। उक्त प्रकरण में दो आरोपी राहुल राजपूत एवं प्रशांत तोमर को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और आरोपियों से दो कट्टे व गाड़ियां जप्त हो चुकी हैं।
दौराने विवेचना पुलिस टीम को तकनीकी सहायता के आधार पर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में नामजद फरार आरोपी चुन्नू उर्फ क्रिश रजक, भिंड जिले के आलमपुर थाना अंतर्गत ग्राम अरुसी में फरारी काट रहा है। उक्त जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम को आरोपी को पकड़ने हेतु भेजा गया। आज दिनांक 08.04.2026 को पुलिस टीम ने उक्त प्रकरण के आरोपी चुन्नू उर्फ क्रिश रजक पुत्र वीर सिंह रजक निवासी लाईन नंबर 8 काँचमील, हजीरा को धरदबोचा, जो कि भिंड जिले के आलमपुर थाना अंतर्गत ग्राम अरुसी में अपनी बुआ के घर में छिपा हुआ था। पकड़े गये आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उससे घटना व अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी :- चुन्नू उर्फ क्रिश रजक पुत्र वीर सिंह रजक निवासी लाईन नंबर 8 काँचमील, हजीरा ग्वालियर





