🔴 उक्त घटना में घायल योगेश राठौर के मुँह में गोली लगने से उसे आज दिल्ली ऐम्स रेफर किया गया।
🔴 पकड़े गये तीनों आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ग्वालियर। दिनांक 27.07.2026 –
*घटना का संक्षिप्त विवरणः* – फरियादी गुरुदत्त सिंह सिंह भदौरिया निवासी रानीपुरा चार शहर का नाका थाना ग्वालियर जिला ग्वालियर ने ट्रामा सेंटर ग्वालियर में घायल अवस्था में मौखिक रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 24.07.2026 को रात्रि में वह और उसका दोस्त अभि यादव आरामील जिम से आ रहे थे। जैसे ही हम दोनों खडेश्वरी मंदिर के पास डेयरी पर दूध लेने के लिए रुक गये वहीं पर हमारे दोस्त योगेश राठौर और करन तोमर भी वहीं आ गये और हम चारों वहीं आपस में बातें करने लगे उसी समय वहाँ पर चार मोटर साईकिलों से अंशू पटेल, लड्डू उर्फ निहाल परिहार, विलन उर्फ कृष्णा, अर्जुन पहाडिया, राहुल राजपूत, छिन्नू रजक व दो अन्य भी आ गये और सभी ने आते ही एक राय होकर हम सभी को माँ बहिन की गन्दी गन्दी गालियाँ देने लगे। हम लोगों ने गालियाँ देने से मना किया, तभी उन लोगों ने हम को जान से मारने की नियत से कट्टों से गोलियाँ चलाना शुरु कर दिया जिसमें मैं और करन तोमर, योगेश राठौर गोली लगने से गंभीर घायल हो गये। उसके बाद उन्होंने अभि यादव को पकड़कर कट्टों के बटों से सिर में मारने लगे जिससे अभि यादव के सिर में खून निकलने लगा। जब हम चारों चिल्लाये तब आइन्दा जान से खत्म करने की घमकी देते हुए अपनी-अपनी मोटर साईकिल से भाग गये। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना ग्वालियर में अप0क्र0- 375/26 धारा 109,115(2),296,351(3),191(2),191(3),190 बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना में घायल योगेश राठौर के मुँह में गोली लगने से उसे आज दिनांक 27.07.2026 को दिल्ली ऐम्स रेफर किया गया।
उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) को थाना ग्वालियर पुलिस की टीम से उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों को शीघ्र पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्णपाल सिंह(रापुसे) के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ग्वालियर निरीक्षक प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 27.07.2026 को उक्त प्रकरण के फरार आरोपीगण अर्जुन पहाडिया, अंशु पटेल, निहाल परिहार को मंगलेश्वर रोड़ से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनके द्वारा उक्त अपराध कारित करना स्वीकार किया। जिस पर से तीनों आरोपियों को थाना ग्वालियर के अपराध सदर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये तीनों आरोपियों से उनके अन्य साथियों एवं घटना में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
*गिरफ्तार आरोपीगण:-*
1. अजुर्न पहाडिया पुत्र गोपाल सिंह उम्र 23 साल निवासी जहॉगीर कटरा ग्वालियर।
2. अंशु पटेल पुत्र श्याम सुदंर पटेल उम्र 22 साल निवासी गोसपुरा न0 1 स्थाई ग्राम राउरी दतिया।
3. निहाल परिहार उर्फ लड्डू पुत्र गजेन्द्र सिंह उम्र 19 साल निवासी गोसपुरा न0 1 ग्वालियर।





