🔴 थाना विश्वविद्यालय पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा, इलेक्ट्रिक स्कूटी, मोबाइल व नगदी की जप्त।

ग्वालियर। दिनांक 29.08.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल द्वारा अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुक्रम में सीएसपी विश्वविद्यालय श्री रवि भदौरिया के कुशल मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी विश्वविद्यालय निरीक्षक रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में थाना विश्वविद्यालय पुलिस द्वारा दिनांक 27.08.2026 को आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी।

पुलिस टीम को नीडम पुल के नीचे संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग हेतु तैनात किया गया था। इसी दौरान टीव्हीएस कंपनी की ग्रे रंग की इलेक्ट्रिक आईक्यूब स्कूटी क्रमांक एमपी07-एई-4589 का चालक पुलिस टीम को देखकर स्कूटी धीमी कर मोड़ने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। चालक के हेलमेट नहीं पहनने के संबंध में पूछताछ करने पर वह घबरा गया तथा बार-बार स्कूटी में आगे पैरों के पास रखी सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी को देखने लगा।

पुलिस टीम को संदेह होने पर बोरी में रखे सामान के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान चालक घबरा गया और धीमी आवाज में बोला कि “आज तो पकड़े ही गए।” पुलिस द्वारा बोरी खुलवाकर चेक करने के लिए कहने पर वह बहानेबाजी करने लगा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बोरी में गांजा होना बताया। संदिग्ध व्यक्ति का नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम नरेन्द्र कुशवाह पुत्र परसुराम, उम्र 32 वर्ष, निवासी न्यू राम विहार कॉलोनी, पिन्टू पार्क, थाना गोला का मंदिर, ग्वालियर बताया।

पुलिस द्वारा प्लास्टिक की बोरी खुलवाकर चेक करने पर उसमें हरी पत्ती, ठंडल एवं फूल-बीज युक्त मिश्रण गांजा जैसा मादक पदार्थ पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से बोरी सहित तौल करने पर कुल वजन 5.430 किलोग्राम पाया गया। पुलिस द्वारा आरोपी नरेन्द्र कुशवाह के कब्जे से 5.430 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 55000/- रूपये एवं घटना में प्रयुक्त टीव्हीएस इलेक्ट्रिक आईक्यूब स्कूटी, एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड एवं 550 रुपये नगद जप्त किए गए।

आरोपी का कृत्य धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पाए जाने पर थाना विश्वविद्यालय में अपराध क्रमांक 198/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी से पुलिस द्वारा मादक पदार्थ के स्रोत एवं इसकी सप्लाई के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

आरोपी:- नरेन्द्र कुशवाह पुत्र परसुराम कुशवाह उम्र 32 साल निवासी न्यू राम विहार कलोनी पिन्टू पार्क थाना गोले का मंदिर ग्वालियर

जप्त मशरूका:- अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल 5.430 ग्राम कीमती लगभग 55000/- रूपये एवं इलेक्ट्रिक आईक्यूब स्कूटी नं. एमपी07-एई-4589 कीमती लगभग 01 लाख रूपये की जप्त की गई।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content