🔴 आरोपिया महिला के मकान से 55 नग काशीराम पटाखे, 19 नग हाथ से बने बड़े पटाखे, बारूद एवं पटाखे बनाने की अन्य सामग्री जप्त की गई।
ग्वालियर। 31.10.2026। दीपावली एवं आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के निर्देशानुसार जिले में अवैध एवं प्रतिबंधित पटाखों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 30.10.2026 को थाना झांसी रोड पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि भैरो बाबा मंदिर के सामने गड्ढे वाले मोहल्ले में एक व्यक्ति के मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर डॉ. शिवेश सिंह बघेल द्वारा थाना झॉसीरोड़ पुलिस की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी विश्वविद्यालय श्री शैलेन्द्र शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरभि शर्मा द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर जाकर बताए गए मकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मकान के पीछे वाले कमरे में अलमारी एवं चारपाई के नीचे से बड़ी मात्रा में पटाखे एवं पटाखे बनाने की सामग्री व बारूद रखी हुई मिली।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर मकान में उपस्थित महिला हसीना बानो पत्नी दुले खां उम्र 57 वर्ष निवासी भैरो बाबा मंदिर के सामने गड्ढे वाला मोहल्ला, नाकाचंद्रवदनी ग्वालियर से पटाखे रखने, बनाने एवं बेचने के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। पुलिस द्वारा मौके से 11 प्लास्टिक की पन्नियों में रखे कुल 55 नग काशीराम पटाखे, 19 नग हाथ से बने बड़े पटाखे, एवं पटाखे बनाने की अन्य सामग्री विधिवत की गई जप्त। आरोपिया हसीना बानो द्वारा बिना वैध लाइसेंस के अपने मकान में पटाखे, बारूद एवं पटाखे बनाने की सामग्री का अवैध रूप से भंडारण करना पाए जाने पर उसके विरुद्ध थाना झॉसीरोड़ में धारा 9(ख)(1),9(ख)(2) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
जप्त विस्फोटक सामग्री- 55 नग काशीराम पटाखे, 19 नग हाथ से बने बड़े पटाखे, एवं पटाखे बनाने की अन्य सामग्री व बारूद कुल जप्त मशरूका कीमती लगभग 15 हजार रूपये।





