🔴 उक्त बैग में 3,800 रुपये नगद, एक सोने का पैंडल एवं एक सोने की चेन रखी हुई थी।
ग्वालियर। दिनांक 20.06.2026 – फरियादी अनूप सिंह नरवारिया निवासी हसनपुरा, थाना गोरमी, जिला भिंड का आज दिनांक 20.06.2026 एक बैग डी.डी. नगर चौराहा क्षेत्र के पास कहीं गिर गया था। उक्त बैग में 3,800 रुपये नगद, एक सोने का पैंडल एवं एक सोने की चेन रखी हुई थी। बैग गुम होने पर फरियादी द्वारा तत्काल ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी गई। उक्त सूचना से थाना प्रभारी यातायात गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी को अवगत कराया गया। जिस पर से थाना प्रभारी यातायात गोला का मंदिर द्वारा ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को उक्त बैग की पतारसी हेतु लगाया गया।

थाना गोला का मंदिर के सउनि0 भानु प्रताप सिंह गुर्जर, आरक्षक जोगेंद्र सिंह, आरक्षक मोहन सिंह एवं सैनिक विजय सिंह के द्वारा तत्परता से आसपास के क्षेत्र में खोजबीन प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने गंभीरता एवं सजगता के साथ तलाश करते हुए कुछ ही समय में बैग को खोज निकाला तथा उसमें रखी नगदी एवं सोने के आभूषण सुरक्षित पाए गए। इसके पश्चात पुलिस टीम द्वारा बैग एवं उसमें रखे समस्त सामान का सत्यापन कर उसे उसके वास्तविक मालिक अनूप सिंह नरवारिया को सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर फरियादी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ग्वालियर पुलिस की त्वरित, ईमानदार एवं जनहितैषी कार्यवाही के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।





