ग्वालियर। दिनांक 07.02.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादिया रामपुरी धाकड़ निवासी पुरानी धर्मशाला के पास मोहना जिला ग्वालियर ने थाना मोहना में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 22.01.2026 को दोपहर में वह अपने घर से निकलकर पार्वती नदी के पास अपने खेत पर जा रही थी, जैसे ही मैं पटवारी के कोटरा पर पहुंची तभी मेरे पीछे से 02 अज्ञात लडके काले रंग की मोटरसाईकिल से आये और उनमें से एक लड़के ने मोटरसाईकिल से उतरकर मुझे पकड लिया तथा मेरे कान में पहने हुये सोने के एक जोड़ी बाला एवं मेरे गले में पहना हुआ मंगलसूत्र निकाल लिया और दोनां लडके मोटरसाईकिल पर बैठकर भाग गये। फरियादिया की रिपोर्ट पर से थाना मोहना में आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0- 10/26 धारा 304(2),309(4) बीएनएस, 11/13 एमपीडीव्हीपी एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त लूट की घटना संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर को थाना मोहना पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों की पतारसी कर पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में *एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा* के मार्गदर्शन में *थाना प्रभारी मोहना निरी0 रशीद खान* के द्वारा थाना बल की टीम एवं तकनीकी सेल को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों की पतारसी हेतु लगाया गया।

दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही कैमरे चेक किये गये तथा आरोपियों के भागने का रूट मैप तैयार किया तो ज्ञात हुआ कि आरोपीगण घटना कारित कर ग्वालियर शहर की तरफ गये है। जिस पर से उक्त आरोपियों की तलाश ग्वालियर शहर में की गई तथा उनकी पतारसी हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किये गये। दिनांक 06.02.2026 को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण के दोनों आरोपी काले रंग की स्पलेंडर मोटरसाईकिल से गोलपहाडिया तरफ से पनिहार की तरफ जा रहे हैं।
उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मां भद्रकाली मंदिर के सामने गिरवाई रोड़ पर जाकर देखा तो मुखबिर बताये हुलिआ के दो संदिग्ध लड़के एक मोटर साईकिल पर आते हुए दिखे जिन्हे पुलिस टीम द्वारा रोका गया तो उन्होने भागने का प्रयास किया, परन्तु मुस्तैदी से खड़े पुलिस जवानों द्वारा दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम विकाश उर्फ विक्की कुशवाह पुत्र कालीचरण कुशवाह उम्र 19 साल निवासी ग्राम बिटोली थाना तिघरा जिला ग्वालियर तथा दूसरे ने सूरज दिवाकर पुत्र स्व. बीरेन्द्र दिवाकर उम्र 21 साल निवासी ग्राम भटपुरा थाना कैलारस जिला मुरैना हाल तिघरा बायपास थाना जनकगंज जिला ग्वालियर का होना बताया। पकड़े गये दोनों संदिग्धों से उक्त लूट की घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उनके द्वारा थाना मोहना क्षेत्र के वायपास पर वृद्ध महिला के गहने लूटना स्वीकार किया। पकड़े गये आरोपी विकाश उर्फ विक्की कुशवाह के कब्जे से एक घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की बिना नम्बर की स्पलेंडर मोटरसाईकिल विधिवत जप्त की जाकर दोनों आरोपियों को थाना मोहना के अपराध सदर में गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये दोनों आरोपियों की निशादेही पर लूटे गये गहनों को बरामद करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
बरामद वाहन :- घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की बिना नम्बर की स्पलेंडर मोटरसाईकिल।





