ग्वालियर दिनांक 26.03.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी श्यामू राणा पुत्र गजेन्द्र सिंह राणा उम्र 24 साल निवासी ग्राम सेमरा थाना गिजौरी जिला ग्वालियर ने थाना थाटीपुर में रिपोर्ट लेख कराई कि वह बागवान होटल गायत्री विहार थाटीपुर में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करता है। दिनांक 12.03.2026 के रात्रि करीबन 01.30 बजे वह होटल के गेट पर खड़ा था तभी काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी से आकाश राणा, हिमांशू राणा, कुनाल राणा एवं एक अन्य व्यक्ति आये और मुझे गाड़ी में जबरजस्ती बिठाकर मुरार तरफ ले गये और मेरे साथ मारपीट करने लगे तथा मुझसे मेरे साडू उप्पे राणा के बारे में पूछ रहे थे, उप्पे राणा से इन लोगों का कोई विवाद चल रहा होगा, तो मैने बताया कि मेरी उप्पे राणा से बातचीत नहीं होती है। मेरे साथ मारपीट करने के बाद मुझे गोविंदपुरी पर गाड़ी से उतार दिया था और बोल रहे थे कि अगर होटल पर किसी को बताया तो जान से खत्म कर देंगे। फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ थाना थाटीपुर में अप0क्र0 75/26 धारा 140(3),115(2),351(3),3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) को थाना थाटीपुर पुलिस की टीम बनाकर उक्त मामले में वांछित आरोपियों की तत्काल धरपकड़ के निर्देश दिये गये। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर निरीक्षक विपेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा पुलिस की टीम को उक्त प्रकरण के फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगाया गया एवं तकनीकी सेल को सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना आज दिनांक 26.03.2026 को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण के फरार आरोपी आकाश राणा व हिमाशू राणा, मोहनपुर पुल के नीचे खड़े किसी का इंतजार कर रहे है। मुखबिर की सूचना विश्वसनीय होने से पुलिस टीम मुखबिर के बताये स्थान मोहनपुर पुल के पास पहुँचे, जहाँ पर मुखबिर के बताये हुलिया के दो लड़के पुल के नीचे खड़े दिखे जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेरकर पकड़ा और नाम व पता पूछने पर एक ने अपना नाम आकाश राणा पुत्र कुबेर राणा उम्र 23 साल निवासी ग्राम सिसगाँव थाना गिजोर्रा ग्वालियर हाल निवासी जबाहर कालोनी डबरा जिला ग्वालियर एवं दूसरे ने अपना नाम हिमांशू राणा पुत्र रूपसिंह राणा उम्र 19 साल निवासी ग्राम सिसगांव थाना गिजौरा जिला ग्वालियर का होना बताया। दोनों आरोपियों से उक्त अपराध के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों के द्वारा उक्त घटना करना स्वीकार किया। थाना थाटीपुर पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को उक्त प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर प्रकरण के अन्य आरोपियों एवं घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
उक्त आरोपीगण घटना के बाद शिरड़ी (महाराष्ट्र) भाग गये थे, पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों का लगातार पीछा किया जा रहा था, जिन्हे आज पुलिस द्वारा धरदबोचा। थाना थाटीपुर पुलिस फरार अन्य आरोपियों की लगातार तलाश कर रही है।





