उक्त प्रकरण में पूर्व में 05 आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।

ग्वालियर दिनांक 01.08.2026। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को लंबित अपराधों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अति. पुलिस अधीक्षक पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल द्वारा गंभीर प्रकरणों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर सतत कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झांसीरोड निरीक्षक शक्ति सिंह यादव के द्वारा थाना झांसीरोड के अपराध क्रमांक 417/24 धारा 331 (4), 307,296,115 (2),351(2), 3(5) बीएनएस में फरार आरोपी की धरपकड़ हेतु पुलिस टीम को लगाया गया। उक्त प्रकरण में पूर्व में 05 आरोपियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।

विवेचना के दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण का फरार आरोपी अजीत उर्फ घुरैया गोवा से वापस आकर जयारोग्य चिकित्सालय(जेएएच) में एम्बुलेंस चालक के रूप में कार्य कर रहा है। सूचना पर थाना झांसीरोड पुलिस तत्काल जेएएच अस्पताल पहुंची, जहां मुखबिर के बताए अनुसार आरोपी एक एम्बुलेंस में बैठा मिला। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी पहचान अजीत उर्फ घुरैया पुत्र जगदीश, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बरकी सराय थाना आंतरी, हाल लाल मल्टी, महलगांव, ग्वालियर के रूप में बताई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गोवा में फरारी काट रहा था। इसके उपरांत थाना झांसीरोड पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई। आरोपी आदतन होकर थाना उटीला, आंतरी और विश्वविद्यालय में चोरी, हत्या और मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय से थाना उटीला के अपराध में स्थाई वारंट भी जारी है।

घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 24 अक्टूबर 2024 की रात्रि में फरियादी मुरारीलाल यादव, निवासी बजरंग नगर, नाका चन्द्रबदनी, झांसीरोड, अपनी डेयरी परिसर में सो रहे थे। देर रात कुछ बदमाश उनकी बाउंड्री में घुसकर भैंसों को खोलकर ले जाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और चार भैंसें चोरी कर ले गए। बाद में एक भैंस चोरों के कब्जे से छूटकर वापस मिल गई। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना झांसीरोड में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध क्रमांक 417/24 धारा 331 (4), 307,296,115 (2), 351 (2), 3 (5) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:- अजीत उर्फ घुरैया पुत्र जगदीश उम्र 24 साल निवासी ग्राम बरकी सराय थाना आंतरी हाल लाल मल्टी महलगांव ग्वालियर।

keyboard_arrow_up
Skip to content