ग्वालियर। 11.06.2026
घटना का संक्षिप्त विवरणः- दिनांक 10.06.2026 को थाना मुरार क्षेत्र के हाथीखाना निवासी फरियादी अशोक राजे (जाटव) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दोपहर लगभग 01ः00 बजे उसके पुत्र मोनू राजे का गोलू कटारे एवं नवीन कटारे से 5,000 की उधारी को लेकर विवाद हो गया। विवाद की सूचना मिलने पर फरियादी, उसकी पत्नी सुनीता एवं परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर पहुंचे और आरोपियों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान गोलू कटारे ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे चाकू से मोनू राजे के पेट में वार कर दिया। जब सुनीता बीच-बचाव करने आई तो नवीन कटारे ने भी उस पर चाकू से हमला कर उसके हाथ, पैर एवं सीने पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। घटना के दौरान रजनी कटारे द्वारा भी उसके एवं उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की गई। घटना में मोनू राजे एवं सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल मुरार ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोनू राजे को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सुनीता को प्राथमिक उपचार उपरांत जयारोग्य चिकित्सालय उपचार हेतु भेजा गया। थाना मुरार पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0 276/26 धारा 296(बी),103(1),109(1),3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती सुमन गुर्जर को थाना मुरार पुलिस से उक्त मामले की गंभीरता से जांच कर प्रकरण में वांछित आरोपी के खिलाफ शीध्र कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
आज दिनांक 11.06.2026 को थाना मुरार पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में फरार आरोपी गोलू, नवीन एवं रजनी की तलाश की गई। दौराने विवेचना मुखबिर की सूचना पर से उक्त प्रकरण के आरोपीगण 1. नवीन पिता रामदास कटारे उम्र 26 साल 2. रजनी पति नवल जाटव पिता रामदास कटारे उम्र 35 साल निवासीगण गली नम्बर 01 चेतना स्कूल के पास हाथीखाना मुरार जिला ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ की गई तो उनके द्वारा घटना में वंाछित होना स्वीकार किया। थाना मुरार पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।





