ग्वालियर, दिनांक 16 जुलाई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशन में तथा अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा (भापुसे) एवं डीएसपी यातायात श्री अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यातायात कम्‍पू निरी० डॉ. के.पी.सिंह तोमर, थाना प्रभारी यातायात झॉसीरोड निरी० धनंजय शर्मा व थाना प्रभारी यातायात गोला का मंदिर निरीक्षक अभिषेक रघुवंशी द्वारा स्कूल बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान स्कूल बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, आवश्यक दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट-एड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों एवं यातायात नियमों के पालन की गहन जांच की गई, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

इस दौरान थाना यातायात पूर्व पुलिस ने सेना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। अभियान के अंतर्गत वाहन चालकों को “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करने की समझाइश दी गई तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष कार्रवाई करते हुए नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों की 17 कारें जब्त कर थाना परिसर में खड़ी कराई गईं तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

*ग्वालियर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। सुरक्षित यातायात एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।*

keyboard_arrow_up
Skip to content