थाना क्राइम ब्रांच ग्वालियर की फरार आरोपी के खिलाफ कार्यवाही
कंपनी में नौकरी पाने फर्जी अनुभव और बैंक स्टेटमेंट लगाने वाले आरोपी को क्राईम ब्रांच ने कानपुर से किया गिरफ्तार
🔴 लेण्डमार्क ग्रुप में नौकरी करने एवं ₹2,80,670/- वेतन प्राप्त करने का दिया था फर्जी विवरण।
ग्वालियर। 14.09.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- दिनांक 20.08.2026 को आवेदक अवधेश शर्मा निवासी ग्राम आंतरी, जिला ग्वालियर, जो श्रीतुलजा भवानी ऑटोमोबाइल्स प्रा.लि. में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, द्वारा शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया। शिकायत में बताया गया कि देवेन्द्र कुमार दुबे द्वारा दिनांक 20.08.2025 को कंपनी में ग्रुप वाइस प्रेसिडेंट के पद पर नियुक्ति के समय लेण्डमार्क ग्रुप में पूर्व में कार्य करने का अनुभव एवं वहां से ₹2,80,670/- मासिक वेतन प्राप्त करना दर्शाया गया था तथा इसके समर्थन में बैंक स्टेटमेंट प्रस्तुत किया गया था। मई 2026 में त्यागपत्र देने के बाद फुल एंड फाइनल सेटलमेंट की प्रक्रिया के दौरान कंपनी द्वारा उक्त अनुभव एवं बैंक स्टेटमेंट का सत्यापन कराया गया, जिसमें देवेन्द्र कुमार दुबे का लेण्डमार्क ग्रुप में पूर्व में कार्य करना प्रमाणित नहीं हुआ तथा प्रस्तुत बैंक स्टेटमेंट फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। जांच में प्रथम दृष्ट्या देवेन्द्र कुमार दुबे द्वारा फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कंपनी में नौकरी प्राप्त कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करना पाया गया। इस पर आरोपी देवेन्द्र कुमार दुबे पुत्र रामनरेश दुबे, उम्र 43 वर्ष, निवासी कानपुर (उ.प्र.) के विरुद्ध थाना क्राईम ब्रांच ग्वालियर में अप0क्र0 33/26 धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा प्रकरण के आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये। एसएसपी ग्वालियर के निर्देश पर अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा क्राईम ब्रांच की टीम बनाकर फरार आरोपी की धरपकड़ हेतु लगाया गया। वरिष्ठ अधिकरियों के निर्देशानुसार एवं डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार व श्री मनीष यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा द्वारा क्राईम ब्रांच की टीम को आरोपी को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना क्राईम ब्रांच को तकनीकी सहायता के आधार पर जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण का आरोपी कानुपर में है। सूचना पर क्राईम ब्रांच की टीम को कानपुर भेजा गया और आरोपी की तलाश की गई। तलाश के दौरान आरोपी देवेन्द्र कुमार दुबे को एस-04 वैष्णवी कुती पनकी थाना पनकी कानपुर(उ0प्र0) से धरदबोचा। क्राईम ब्रांच द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय पेश किया गया जहां से न्यायालय द्वारा जेल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी – देवेन्द्र कुमार दुबे पुत्र रामनरेश दुबे उम्र 43 वर्ष निवासी कानपुर (उ0प्र0)





