थाना मोहना पुलिस ने कार सवार तीन तस्करों को पकड़कर उनसे 05 लाख रूपये की 50 ग्राम स्मैक की जप्त
ग्वालियर। दिनांक 16.10.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध मादक पदार्थो की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में आज दिनांक 16.10.2026 को थाना मोहना पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक स्लेटी रंग की बिना नम्बर की अर्टिगा कार से कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ स्मैक खरीदकर बेचने हेतु शिवपुरी से ग्वालियर तरफ आ रहे हैं। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर द्वारा थाना मोहना पुलिस टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के अनुक्रम में एसडीओपी घाटीगांव शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मोहना निरीक्षक विनय सिंह तोमर के द्वारा थाना बल की टीम को एनएच-46 श्योपुर तिराहा के पास कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो शिवपुरी तरफ से एक बिना नम्बर की अर्टिगा कार आती दिखी जिसे रोकने का प्रयास किया तो आर्टिगा चालक द्वारा कार को पोहरी की तरफ लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा उसका पीछा कर भागा रेल्वे ब्रिज के पास ग्राम ठेर में पकड़ लिया गया। कार में तीन व्यक्ति बैठे हुए मिले, जिनसे नाम व पता पूछने पर उन्होने अपने नाम (1) नरोत्तम बघेल पुत्र सोनेराम बघेल उम्र 27 साल, (2) जीतू उर्फ जितेन्द्र धाकड पुत्र बलराम धाकड उम्र 24 साल, (3) नेतराज धाकड पुत्र बलराम धाकड उम्र 29 साल निवासीगण ग्राम खांदी थाना सुभाषपुरा जिला शिवपुरी का रहना बताया।
पुलिस द्वारा पकड़े गये तीनों संदिग्धों की पृथक-पृथक तलाशी लेने पर जीतू उर्फ जितेन्द्र धाकड की पेंट की जेब में एक प्लास्टिक की सफेद रंग की पारदर्शी पॉलिथिन मिली जिसमें अवैध मादक पदार्थ स्मैक रखी हुई मिली, जिसकी तौल कराने पर उसका बजन 50 ग्राम कीमती लगभग 05 लाख रूपये की होना पाई गई। पकड़े गये तीनों आरोपियों का यह कृत्य धारा 8,21 एनडीपीएस एक्ट के तहत दण्डनीय पाया जाने से आरोपियों के कब्जे से अवैध 50 ग्राम स्मैक व बिना नंबर की अर्टिगा कार को विधिवत जप्त किया गया। पुलिस ने पकड़े गये तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मोहना में धारा 8,21 एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर अवैध मादक पदार्थ स्मैक के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त मशरूका:- 50 ग्राम स्मैक कीमती करीबन 05 लाख रुपये, एक अर्टिगा कार कुल जप्त मशरूका कीमती लगभग 15 लाख रुपये।





